विविधा

80 टन री-साइकल्ड प्लास्टिक फाइबर से बन रही ‘सिविल लाइंस-मकरोनिया लिंक रोड’

 

सागर। शहर का इंफ्रास्ट्रक्चर नेटवर्क अब आधुनिक तकनीक और सतत विकास का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनने जा रहा है। शहर के दो प्रमुख हिस्सों को जोड़ने वाली सिविल लाइंस-मकरोनिया सिटी लिंक रोड का निर्माण तेजी से जारी है। यह मार्ग शहर के उन चुनिंदा मार्ग में शामिल हो गया है, जिन्हें अत्याधुनिक व्हाइट टॉपिंग पैटर्न पर तैयार किया जा रहा है। दरअसल इस 3.2 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण में उपयोग होने वाले सीमेंट कंक्रीट मटेरियल में 80 टन से अधिक री-साइकल्ड पॉलीप्रोपिलीन फाइबर को मिलाया जा रहा है। पर्यावरणीय संरक्षण के दृष्टिकोण से यह प्रयोग एक मील का पत्थर है। इस्तेमाल हो चुके प्लास्टिक कचरे को रिसाइकल करके बनाए गए इस फाइबर के उपयोग से न केवल कई टन प्लास्टिक वेस्ट को पर्यावरण में फैलने या डंपिंग यार्ड में जाने से बचाया गया है, बल्कि यह सर्कुलर इकॉनमी को भी बढ़ावा देता है। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ वायके नामदेव के अनुसार, इस विशेष पीपी फाइबर के सम्मिश्रण से सीमेंट कंक्रीट की सड़क में पर्याप्त लचीलापन और खिंचाव सहने की क्षमता आती है। इसके चलते भारी ट्रैफिक और अधिक लोड के बावजूद सड़क में दरारें नहीं पड़तीं और इसके क्षतिग्रस्त होने की आशंका न्यूनतम हो जाती है, जिससे मरम्मत पर होने वाले भविष्य के खर्च में भी बड़ी बचत होगी। नरयावली विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ विधायक प्रदीप लारिया के अनुसार, सड़क के तकनीकी मापदंडों को अगले 10 से 15 वर्षों के संभावित ट्रैफिक और लोड वृद्धि को ध्यान में रखकर री-डिजाइन किया गया है। यह मार्ग पूर्व में 5 मिलियन स्टैंडर्ड एक्सेल ( एमएसए) क्षमता का था, जबकि वर्तमान में इस पर वाहनों का वास्तविक लोड 8 से 10 एमएसए तक पहुंच चुका था। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए निर्माणाधीन नई सड़क को 20 एमएसए क्षमता के अनुरूप मजबूत और टिकाऊ बनाया गया है। इसके साथ ही सड़क का चौड़ीकरण भी किया गया है। पहले जहां सड़क की चौड़ाई महज 8.5 से 9 मीटर के बीच थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर कुल 14 मीटर किया जा रहा है, जिसमें सड़क के दोनों ओर 7-7 मीटर का निर्माण शामिल है। संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित करने के लिए सड़क की पेवमेंट थिकनेस 200 एमएम रखी गई है। वरिष्ठ विधायक प्रदीप लारिया के अनुसार, यह सड़क केवल एक यातायात मार्ग नहीं बल्कि एक पूर्ण मॉडल रोड के रूप में विकसित की जा रही है। सड़क के बीचों-बीच बनने वाले डिवाइडर्स पर पर्यावरण संरक्षण और सुंदरता के लिए ग्रीनरी विकसित की जाएगी। सड़क मार्ग के दायरे में आने वाले विभिन्न स्कूलों को ध्यान में रखते हुए स्पीड ब्रेकर बनाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त रात में पूरी विजिबिलिटी रहे इसके लिए  पर्याप्त क्षमता की स्ट्रीट लाइट्स सहित अन्य सभी बुनियादी सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। पीडब्ल्यूडी के अनुसार सड़क का निर्माण, कंस्ट्रक्शन फर्म मे.अजय बिल्डकॉन द्वारा किया जा रहा है। निर्माण कार्य अक्टूबर माह से प्रारंभ किया गया था और इसे नए साल तक पूरा करने का लक्ष्य है।

03/11/2026…9425172417

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!