विविधा

जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव अगस्त में ! फाइनल मतदाता सूची जारी

एड. केपी दुबे पर भरोसा जताते हुए चौथी बार बनाया निर्वाचन अधिकारी

सागर। जिला अधिवक्ता संघ सागर के चुनाव अगस्त में होना लगभग तय है। हाल ही में संघ के मतदाता सदस्यों की फाइनल सूची जारी हो गई। इस चुनाव में 1485 अधिवक्ताओं को वोट का अधिकार मिलेगा। इधर जिला अधिवक्ता संघ की निवर्तमान कार्यकारिणी ने वरिष्ठ अधिवक्ता केशव प्रसाद दुबे पर भरोसा जताते हुए उन्हें निर्वाचन अधिकारी मनोनीत किया है। निष्पक्ष और पारदर्शितापूर्ण कार्यप्रणाली के लिए पहचाने जाने वाले अधिवक्ता दुबे को यह जवाबदेही चौथी बार मिली है।

‘नॉन-प्रैक्टिसनर’ वकीलों का वोटबैंक, फिर दबा दिया गया मुद्दा !

हर बार की तरह इस बार भी कोर्ट परिसर में ‘नॉन-प्रैक्टिसिंग वकीलों’ को वोटिंग राइट्स से बेदखल करने की सुगबुगाहट शुरू हुई थी, लेकिन अंदरूनी राजनीति के दबाव में यह मुद्दा एक बार फिर ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। वर्तमान कार्यकारिणी से लेकर संघ के पूर्व दिग्गज तक कोई भी इस चर्चा को किसी ठोस निर्णय में बदलने की हिम्मत नहीं जुटा सका। कचहरी के अंदरखाने की खबर है कि मुख्य मुकाबला लड़ने वाले ज्यादातर भावी प्रत्याशियों की जीत-हार का पूरा गणित इन्हीं कागजी या नॉन-प्रैक्टिसिंग एलएलबी डिग्रीधारियों के वोटों पर टिका होता है। अगर इन्हें मतदाता सूची से बाहर किया गया, तो कई दिग्गजों के समीकरण पलभर में बिगड़ जाएंगे। बता दें कि सागर जिला अधिवक्ता संघ में ऐसे सैकड़ों सदस्य हैं, जिन्होंने कानून की डिग्री तो ले रखी है और वे संघ के सदस्य भी हैं, लेकिन असल जिंदगी में वे वकालत के पेशे से कोसों दूर हैं। इनमें से करीब एक से डेढ़ दर्जन सदस्य विभिन्‍न राजनीतिक दलों में सक्रिय राजनीति चमका रहे हैं, जबकि कई अन्य लोग इस सदस्यता को अपने व्यक्तिगत व्यापार और पेशे में एक कानूनी और सामाजिक ‘ढाल’ की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। जिसे रोकने की हिम्मत कोई भी प्रत्याशी अपने चुनावी नुकसान के डर से नहीं दिखा पा रहा है।

होर्डिंग्स-बैनर का दौर खत्म, अब शेड-टू-शेड पहुंचेगा ‘जनसंपर्क’

चुनाव की तारीखों की आहट मिलते ही दावेदारों ने बीते दो-ढाई महीनों से अपनी सरगर्मियां बढ़ा दी थीं। हालांकि, अब तक यह पूरी कसरत सोशल मीडिया, फ्लेक्स-होर्डिंग्स और रंग-बिरंगे ब्रोशर बांटने तक ही सिमटी हुई थी। लेकिन अब जैसे ही निर्वाचन अधिकारी के नाम की आधिकारिक घोषणा हुई है, चुनावी बिसात बिछ चुकी है। मंगलवार से अधिवक्ताओं के शेड में भावी प्रत्याशियों की आवाजाही और शेक-हैंड की रफ्तार में ज़बरदस्त तेजी आने वाली है। अब फ्लेक्स और फोल्डर्स का दौर पीछे छूट जाएगा और वकीलों के चैंबरों तथा शेडों में चाय की चुस्कियों के साथ ‘डोर-टू-डोर’ जनसंपर्क का दौर पूरे शबाब पर दिखेगा।

 

सागरवाणी….9425172417…27/07/2026

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!