ब्रेकिंग न्यूज़

संदिग्ध जहरीली शराब के सेवन से मकरोनिया के युवक की मौत

परिजन ने शव का पीएम कराया, पुलिस ने साक्ष्य लिए

सागर। बंडा में हाल ही में हुए दर्दनाक जहरीली शराब कांड के जख्म अभी हरे ही हैं कि अब उपनगर मकरोनिया से एक और सनसनीखेज मामला सामने आ गया है। यहां की दूर संचार कॉलोनी निवासी 46 वर्षीय विनीत पांडे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। परिजनों को आशंका है कि विनीत की जान भी बंडा कांड की तरह ही जहरीली शराब का सेवन करने की वजह से गई है। बंडा में हुई मौतों के बाद अब जिला मुख्यालय के पास इस तरह की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। मृतक के भाई प्रवीण पांडे ने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच विनीत की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। विनीत को शराब पीने की आदत थी, इसलिए शुरुआत में घर पर मौजूद मां ने इसे एक सामान्य सी बात समझा। हालांकि, जब उल्टियां लगातार जारी रहीं और विनीत एकदम निढ़ाल होकर अचेत हो गया, तो परिजन घबरा गए। वे तुरंत उसे मकरोनिया स्थित सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां विनीत की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रात करीब 10 बजे जब परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, तो वहां तैनात डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।   परिजनों का साफ कहना है कि विनीत शारीरिक रूप से पूरी तरह तंदरुस्त था और उसे पहले से कोई बीमारी नहीं थी। बंडा में हुए जहरीली शराब कांड की भयावहता को देखते हुए परिजनों का संदेह सीधा विनीत द्वारा सेवन की गई शराब पर है, जिसके चलते उन्होंने निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने लाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया है। घटना की सूचना मिलते ही मकरोनिया पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी नितिन पाल के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल मृतक के घर पहुंचकर छानबीन की और वहां से शराब के खाली व भरे क्वार्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। मकरोनिया थाना प्रभारी के अनुसार, फिलहाल प्रथम दृष्ट्या मौत का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने घर से मिले शराब के नमूनों को जब्त करने के साथ ही विसरा सुरक्षित रख लिया है, जिसे विस्तृत वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा जा रहा है।

राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित घटनाक्रमों से जुड़ी दूसरी मौत !

मकरोनिया पुलिस द्वारा जब्त की गई शराब की बॉटल

बता दें  कि विनीत पांडे के पिता का निधन वर्ष 2016 तत्कालीन मोदी सरकार द्वारा की गई नोटबंदी के दौरान हो गया था। वे मकरोनिया में एक बैंक के बाहर लाइन में लगे थे। तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। अगर विनीत की मृत्यु की वजह जहरीली शराब निकलती है तो  इस परिवार में यह दूसरा घोर दुर्भाग्यपूर्ण मामला होगा। जो देश के चर्चित घटनाक्रमों से जुड़ा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!