ब्रेकिंग न्यूज़

देवास में टीआई दिलीप पुरी शहीद ! गुजरात जा रहे अवैध शराब से लदे ट्रक ने कुचला

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम! पुलिस को कथित ​शराब माफिया राहुल जायसवाल पर संदेह, नेटवर्क पर शिकंजा कसा

 

सागर। मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की तस्करी पर नकेल कसने उतरी पुलिस टीम पर बेखौफ शराब माफिया के ट्रक चालक ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनका इंतकाल हो गया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस महकमे में गहरा शोक छा गया है।  

​ज़हरीली शराब कांड के बाद एक्शन में थी पुलिस

गौरतलब है कि कुछ समय पहले ही देवास में ज़हरीली शराब का बड़ा मामला सामने आया था, जिसके बाद पुलिस महकमे ने अवैध शराब के कारोबार और इसके नेटवर्क के खिलाफ चौतरफा धरपकड़ अभियान छेड़ रखा था। इसी कड़ी में देवास एसपी आदित्य मिश्रा को पुख्ता सूचना मिली थी कि हरदा की ओर से अवैध शराब से भरा एक संदिग्ध आयशर ट्रक (वाहन क्रमांक MP 43 H 4786) इंदौर के रास्ते गुजरात की तरफ जाने वाला है। इस अवैध तस्करी को नाकाम करने के लिए कन्नौद, सतवास और खातेगांव थाना प्रभारियों समेत पांच से अधिक विशेष पुलिस टीमों की नाकाबंदी लगाई गई थी। पुलिस बल लगातार इस संदिग्ध वाहन का पीछा कर रहा था। 

​झूमाझटकी के दौरान दर्दनाक हादसा

हरदा-नेमावर हाईवे पर मौका पाकर जब ट्रक चालक पानी पीने के लिए रुका, तभी खातेगांव टीआई दिलीप पुरी पूरी जांबाजी के साथ उसे दबोचने के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक को नीचे उतरने की हिदायत दी, लेकिन खुद को पुलिस गिरफ्त में घिरता देख आरोपी ड्राइवर बौखला गया और किसी भी तरह वहां से भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान दोनों के बीच तीखी झूमाझटकी हुई। बेखौफ ड्राइवर ने अचानक हड़बड़ी में ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाते हुए तेजी से आगे बढ़ा दिया। इस अफरा-तफरी के बीच टीआई दिलीप पुरी अपना संतुलन खोकर नीचे गिर पड़े और भारी-भरकम वाहन का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां लगभग दो घंटे तक चले सघन उपचार और सीपीआर के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। 

​ट्रक जब्त, राहुल जायसवाल और स्थानीय नेटवर्क पर शिकंजा

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक कुछ दूरी पर यानी संदलपुर के पास वाहन को लावारिस छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शराब से भरे आयशर वाहन को अपने कब्जे में लेकर संदलपुर थाने में खड़ा कर दिया है। शुरुआती जांच और पुलिस दबिश के दौरान यह बात सामने आई है कि इस अंतरराज्यीय शराब तस्करी के तार हरदा के कुख्यात तस्कर राहुल जायसवाल और देवास के कुछ स्थानीय माफिया से जुड़े हुए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी आदित्य मिश्रा खुद तड़के खातेगांव पहुंच गए। पुलिस अब इस पूरे आपराधिक नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही है ताकि फरार आरोपी चालक और इस अवैध सिंडिकेट के अन्य चेहरों को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लिया जा सके।  

– 942517217

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!