खबरों की खबर

चुनावी घमासान के बीच अधिवक्ता संघ ने पेश किया दो वर्षीय कार्यकाल का हिसाब -किताब 

आज एकमंचीय कार्यक्रम प्रत्याशी रखेंगे अपना विजन

सागर। जिला अधिवक्ता संघ के चुनावी शंखनाद के बीच निवर्तमान कार्यकारिणी ने अपने दो वर्ष से अधिक के कार्यकाल का ब्योरा पेश किया है। जारी किए गए ब्योरे में जहां कुछ प्रमुख कार्यों और योजनाओं पर खर्च की गई राशि का विवरण दिया गया है, वहीं कई बड़े कार्यों का स्पष्ट खर्च सार्वजनिक नहीं किया गया है। इनमें संघ के पुस्तकालय के लिए वर्ष 2020 से 2025 तक के जर्नल खरीदी, अधिवक्ताओं की सीटों के ऊपर 86 नए पंखे लगाने और स्वच्छ पेयजल व्यवस्था पर हुआ व्यय शामिल है, जिनके आंकड़ों का सीधे तौर पर उल्लेख नहीं है।गौरतलब है कि ” सागरवाणी” ने अपने पिछले अंक में निवर्तमान संघ कार्यकारिणी द्वारा चुनाव के पूर्व या चुनाव प्रक्रिया के दौरान नियमानुसार आम सभा न बुलाए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।

इधर, आय-व्यय और खर्चों पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए संघ के सचिव एडवोकेट कुँवर वीरेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि आम सभा के समक्ष पूरी ऑडिट रिपोर्ट पढ़ी गई थी, जिसमें पंखा खरीदी से लेकर पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं पर हुए एक-एक पैसे के खर्च का स्पष्ट ब्योरा शामिल है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संघ के नोटिस बोर्ड (ऑफिस के बाहर) पर पूरी ऑडिट रिपोर्ट चस्पा कर दी गई है, जिसका कोई भी साथी अधिवक्ता निरीक्षण कर सकता है। इतना ही नहीं, यदि कोई सदस्य चाहे तो वह महज 5 रुपये का शुल्क देकर ऑडिट रिपोर्ट की प्रति भी प्राप्त कर सकता है। सचिव ने बताया कि दो वर्षीय कार्यकाल में संघ को विभिन्न स्रोतों से करीब 1.50 करोड़ रुपये की आय हुई है, जिसका पूर्ण लेखा-जोखा सार्वजनिक किया गया है।जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राजपूत एवं निर्वाचन अधिकारी के.पी. दुबे की अध्यक्षता में बार रूम में आयोजित बैठक में बताया गया कि संघ की संचित निधि में 35 लाख रुपये का इजाफा हुआ है, जिससे कुल एफडी अब 1,18,00,000 (एक करोड़ अठारह लाख) रुपये हो गई है। इसके अलावा दिवंगत अधिवक्ताओं के परिजनों को 12,60,000 रुपये सहायता राशि, अन्य अधिवक्ताओं को 3,71,000 रुपये चिकित्सा सहायता, कर्मचारियों के वेतन पर 11,94,610 रुपये तथा अधिवक्ता दिवस/महिला दिवस व अन्य कार्यक्रमों के आयोजन में 5,27,500 रुपये व्यय किए गए हैं।

आज एकमंचीय कार्यक्रम प्रत्याशी रखेंगे अपना विजन

 निष्पक्ष व पारदर्शी मतदान और मतगणना की तैयारियों के बीच निर्वाचन अधिकारी के.पी. दुबे व उप निर्वाचन अधिकारी/प्रवक्ता महेश नेमा ने बताया कि मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को दोपहर 2 बजे से जिला अधिवक्ता संघ परिसर में एकमंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशी एक ही मंच से अपना परिचय देंगे और अधिवक्ता संघ के विकास व अधिवक्ताओं के हित के लिए अपनी भावी योजनाओं का खाका प्रस्तुत करेंगे। निर्वाचन अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिए हैं कि कोई भी प्रत्याशी भाषण के दौरान पूर्व या वर्तमान के किसी भी पदाधिकारी या प्रतिद्वंद्वी पर कोई व्यक्तिगत आक्षेप या टिप्पणी नहीं करेगा।

17/08/2026…9425172417

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!