होरा फिर बने सागर के सिखों के “सरदार”
नजदीकी मुकाबले में सतिंदरसिंह होरा पैनल विजयी

sagarvani.com9425172417
सागर। श्री गुरुद्वारा साहिब भगवानगंज की संगत के चुनाव रविवार को सम्पन्न हुए। जिसमें बेहद नजदीकी मुकाबले में सतिंदर सिंह होरा का पैनल विजयी रहा। कुल 13 सदस्यों की संगत में से होरा पैनल के 7 सदस्य विजयी हुए। इस तरह से होरा का सागर सिख समाज का नया सरदार यानी प्रधान चुना जाना लगभग तय है।
सतिंदर सिंह, संगत के निर्वतमान प्रधान हैं। वे बीते 8 साल से इस पर काबिज हैं। होरा पैनल ने चुनाव चिन्ह “खंडा” पर वोट मांगे थे। जबकि दूसरे पैनल जिसमें अधिकतर नौजवान सिख थे, वे “बाज” चुनाव चिन्ह पर मुकाबले में उतरे थे। विजेताओं में दो महिलाएं भी शामिल हैं। यह दोनों होरा पैनल से हैं।
इससे पहले सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक गुरुद्वारा साहिब परिसर में मतदान कराया गया। शाम को मतगणना की गई। आखिरी परिणाम के अनुसार होरा पैनल से सतिंदरसिंह होरा, देविंदरपाल सिंह चावला, इंदरपाल सिंह होरा, हरविंदर कौर छावला, देविंदर सिंह अजमानी, हरविंदर कौर गांधी, कुलदीप सिंह भाटिया विजयी रहे। जबकि नौजवानों के पैनल से रविंदर सिंह पसरीजा, मनप्रीत सिंह खंडूजा, सोनू बांगा, रतनपाल सिंह अवलख, हरकमल सिंह खंडूजा, नरेंद्र सिंह भाटिया विजयी रहे।
चुनाव, निर्वाचन अधिकारी गोविन्दर सिंह दुग्गल एवं पीठासीन अधिकारी गुरुविन्दर सिंह की देख-रेख में सम्पन्न कराए गए। निर्विघ्न चुनाव में जिला प्रशासन व पुलिस की अहम भूमिका रही।



