सत्ता का फायदा उठाने भाजपा ने कांग्रेसी सीटों के टिकट घोषित किए
सागर भारतीय जनता पार्टी सत्ता के बलबूते पर कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लड़ने की तैयारी में है। हाल ही में जो 39 टिकट घोषित हुए हैं उनमें प्रत्याशियों को अगले दो – ढाई महीने तक परोक्ष रूप से सत्ता के सारे अधिकार दिए जाएंगे ताकि वह चुनाव क्षेत्र में अपनी जमीन तैयार कर सकें। यह बिल्कुल वैसा ही है जैसा बीते उपचुनाव में भाजपा ने किया था। तब उन्होंने मंत्रियों को दोबारा शपथ दिला कर चुनाव लड़वाया था। वह मंत्री के रूप में चुनाव लड़े जीत गए। हालांकि कांग्रेस, भाजपा के इन हथकंडों से प्रभावित नहीं होती है। हमारी जमीनी तैयारी है। और हम सत्ता परिवर्तन करके ही रहेंगे। यह बात मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं सतना विधायक सिद्धार्थसिंह कुशवाहा ने आज सागर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा की तैयारियों पर चर्चा करने आए कुशवाहा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी, ओबीसी के हित की बात बस करती है लेकिन जब अवसर आता है तो उसमें अड़ंगा डाल देती है। हमारी कांग्रेस सरकार, मध्य प्रदेश में ओबीसी को 27% आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध थी लेकिन उन्होंने उसमें कानूनी पेच फंसा दिया। इससे पहले विधायक कुशवाहा ने कहा कि मध्यप्रदेश में जो भी सड़कें बिजली मूलभूत सुविधाएं दिखाई दे रही हैं। वे हमारी केंद्र सरकार के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की आर्थिक नीतियों का नतीजा है। इसके पूर्व प्रदेशों के पास इतनी प्रदेश और केंद्र के पास इतनी राशि नहीं होती थी कि वह चौतरफा विकास कार्य करवा सकें । इसलिए आप या अन्य लोग दिग्विजय सिंह सरकार के 10 साल के हालात पर दोषारोपण नहीं कर सकते। पूर्व वित्त एवं प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी की आर्थिक नीतियों के चलते देश की उन्नति हुई। जबकि उसका झूठा क्रेडिट भारतीय जनता पार्टी लेने लगती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के दौरे के बारे में विधायक कुशवाहा ने कहा कि हमारी तैयारियां पूरी है। हम एक सफल सभा करेंगे और मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।



