
सागर। “युवा शक्ति संगठन का निर्माण राजनीति की बिसात बिछाने के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के पथ पर चलने के लिए किया गया है। हम व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण की सोच लेकर निकले हैं और हजारों युवाओं की यह उपस्थिति साक्षी है कि अब प्रदेश का युवा सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता के लिए तैयार है।” यह उद्गार युवा शक्ति संगठन के संयोजक आकाश सिंह राजपूत ने संगठन के प्रथम अधिवेशन के दौरान व्यक्त किए। अधिवेशन में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लेकर अपनी एकजुटता का परिचय दिया। आकाश सिंह राजपूत ने संगठन के विजन को स्पष्ट करते हुए कहा कि रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा का प्रसार और आपदा प्रबंधन जैसे कार्यों के माध्यम से युवा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने ‘युवा शक्ति-राष्ट्र भक्ति’ के मूल मंत्र को संगठन का आधार बताया।
डॉ. गौर के पदचिह्नों पर बढ़ रहे कदम: कुलपति वाय.एस. ठाकुर
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वाय.एस. ठाकुर ने आकाश सिंह राजपूत की तुलना डॉ. गौर के सेवा भाव से की। उन्होंने कहा कि जिस तरह डॉ. गौर ने विदेशों में शिक्षा पाकर अपनी मातृभूमि सागर को अपनी कर्मस्थली बनाया, ठीक उसी तरह आकाश सिंह राजपूत भी महानगरों की चकाचौंध छोड़कर अपने क्षेत्र के उत्थान और युवाओं को संगठित करने में जुटे हैं। उन्होंने आकाश को युवाओं का ‘रियल हीरो’ बताया।
“देश हमें देता है सबकुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें”
विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि राष्ट्रहित में किए गए कार्यों का लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलता है। उन्होंने कहा कि यह संगठन युवाओं के लिए देश के प्रति अपना ऋण चुकाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस शक्ति का सृजन ‘महाभारत’ के लिए नहीं बल्कि ‘महान भारत’ के निर्माण के लिए किया गया है।
विविध क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन
अधिवेशन में समाज के विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व देखने को मिला।डॉ. सुखदेव मिश्रा ने युवाओं को इतिहास रचने के लिए प्रेरित किया। जैविक कृषि विशेषज्ञ आकाश चौरसिया ने युवाओं को मल्टी-लेयर फार्मिंग के जरिए स्वस्थ समाज बनाने का मंत्र दिया।रोटरी क्लब के मुकेश साहू ने रक्तदान और सेवा कार्यों में संगठन के साथ मिलकर काम करने की घोषणा की।वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. ज्योति चौहान ने युवाओं को लक्ष्य के प्रति एकाग्र होने की सलाह दी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
अधिवेशन केवल बौद्धिक चर्चा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बुंदेली संस्कृति के रंग भी इसमें घुले नजर आए। लोकप्रिय गायिका शुभांशिता ठाकुर और सुनील लोधी के गीतों ने उपस्थित जनसमूह में अपार ऊर्जा भर दी। कार्यक्रम में जिले भर के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गज मौजूद रहे, जिन्होंने इस नई शुरुआत को ऐतिहासिक बताया।
25/12/2025



