खबरों की खबर

1 लाख रु. के जुर्माने पर भड़के श्री वृंदावन बाग मंदिर ट्रस्ट के महंत, बोले ये वही ट्रस्ट है जिसने ननि को करोड़ों की जमीन मुफ्त में दी

सागर। नगर निगम सागर द्वारा श्री वृंदावन जी ट्रस्ट की खाली पड़ी जमीन पर मलबा मिलने पर 1 लाख रु. का जुर्माना लगाने पर ट्रस्ट के महंत पं. श्री नरहरि दास बुरी तरह से भड़क गए हैं। उन्होंने प्रेस से चर्चा में कहा कि यह वही नगर निगम व सागर स्मार्ट सिटी कंपनी है, जिसे मंदिर ट्रस्ट ने जनहित में तिली-बस स्टैंड सड़क के चौड़ीकरण के लिए करोड़ों रु. की जमीन बगैर किसी मूल्य के दे दी। रही बात मलबा मिलने की तो खुली पड़ी जमीन पर कौन, कब उसे फेंक गया, उसके लिए मंदिर प्रबंधन कैसे जवाबदार हो सकता है? अच्छा होता कि ननि निरीक्षण- जुर्माना के पहले मंदिर प्रबंधन का पक्ष जान लेता। महंत ने नगर निगम और जिल प्रशासन के राजस्व अधिकारियों पर और भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि स्मार्ट सिटी उन्नयन कार्य योजना के अंतर्गत सड़क चौड़ीकरण के कारण इस्ट वृंदावन बाग की भूमि दो भागों में विभाजित हो गई है। 1980 के दशक के दौरान विक्रय की गई भूमि के बाद जो शेष खाली भूमि बची है, उसके सीमांकन के लिए ट्रस्ट पिछले कई वर्षों से प्रयासरत है। मंदिर के अनुरोध पर नायब तहसीलदार सागर द्वारा सीमांकन की अनुमति प्राप्त होने के बावजूद आज तक सीमांकन सुनिश्चित नहीं किया गया है।

 रसूखदारों के कारण अटकाए जा रहे भूमियों के सीमांकन

 ननि- राजस्व की कार्य प्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए कहा महंत ने कहा कि भूमियों की बहुमूल्यता को देखते हुए कई प्रभावशाली लोगों के दबाव के कारण सीमांकन में जानबूझकर विलंब किया जा रहा है, ताकि चिह्नित न होने के कारण भूमियों को सुरक्षित व व्यवस्थित न किया जा सके। महंत श्री नरहरि दास का कहना है कि ​एक तरफ वृंदावन बाग ट्रस्ट जिन भूमियों के सीमांकन के लिए अधिकारियों से बार-बार निवेदन कर रहा है, तो वहीं दूसरी ओर उन्हीं भूमियों पर मनमाने तरीके से बाह्य पार्किंग और रोड डामरीकरण कर कॉलोनाइजर अपनी कॉलोनी को रास्ता दे रहे हैं। महंत का आरोप है कि इस पूरे खेल में करोड़ों रु. का लेन-देन कर उन कॉलोनियों को वैधानिक अनुमतियां दी जा रही हैं।

जहां जुर्माना किया, वहां ननि का कच्चा नाला

​जुर्माने वाली जमीन की वास्तविक स्थिति बताते हुए उन्होंने कहा कि जिस भूमि के अंश भाग पर यह पेनल्टी राशि रखी गई है, उस जगह पर स्वयं नगर निगम द्वारा अस्थाई नाली बना रखी है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से निकलने वाला गंदा पानी ट्रस्ट की लगभग 2 एकड़ भूमि पर बनी इस अस्थाई नाली से होकर गुजरता है, जिसका किसी भी प्रकार का कोई रखरखाव या पक्कीकरण कार्य नहीं किया गया है। इससे मंदिर परिसर में दूषित वातावरण बना हुआ है। नगर निगम की जवाबदारी होने के बावजूद निगम प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है, जिससे ट्रस्ट की अन्य लगी हुई 5 एकड़ भूमि प्रभावित हो रही है और मंदिर के धर्मार्थ कार्य जैसे परिक्रमा मार्ग, ध्यानमंडप एवं दर्शनार्थियों को अन्य प्रकार की असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।

जर्जर मकानों को निगम दो साल में नहीं तोड़ पाया

​महंत श्री नरहरि दास ने आगे खुलासा किया कि स्वयं नगर पालिक निगम द्वारा ही ट्रस्ट के जर्जर व क्षतिग्रस्त जीर्ण-शीर्ण मकानों को दिनांक 7 जनवरी 2024 एवं 5 जुलाई 2024 द्वारा क्षतिग्रस्त करार दिया गया था, लेकिन उसके बाद निगम द्वारा किसी भी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ट्रस्ट प्रबंधन द्वारा कई बार नगर निगम सागर को आवेदन दिए जाने के बावजूद जर्जर मकानों को गिराने या सुरक्षित करने की कार्रवाई नहीं की गई है, जबकि इन भवनों को निगम ने मानव रहित घोषित किया हुआ है। यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना व जनधन हानि होती है, तो इसका संपूर्ण दायित्व नगर पालिक निगम सागर का होगा। हैरानी की बात यह है कि इन जर्जर भवनों से न्यूनतम किराया व संपत्ति कर के रूप में लाखों रुपया ट्रस्ट से लिया जा रहा है, जिसका ट्रस्ट चेक द्वारा विधिवत भुगतान भी कर रहा है। इन सभी विषयों को लेकर पिछले प्रबंधक से लेकर वर्तमान कलेक्टर महोदय को गत 4 नवंबर 2026 को प्रार्थना पत्र के साथ अवगत कराया जा चुका है। ट्रस्ट द्वारा जनहित में समय-समय पर मार्ग (सड़क) हेतु तकरीबन 5 से 6 एकड़ भूमि एवं गंदा जल निकास हेतु (नाली) के लिए तकरीबन 3 से 4 एकड़ भूमि सहयोग एवं जनहितार्थ दी गई है। आखिर में महंत का कहना है कि शासन एवं नगर निगम प्रशासन से अपेक्षा की है कि विधिवत तरीके से जमीनों का सीमांकन एवं नाली संबंधी कार्य कर मंदिर को सहयोग प्रदान किया जाए, जिससे धार्मिक ट्रस्ट की संपत्ति सुरक्षित रहे और इससे जुड़े धर्मावलंबियों की भावनाओं को ठेस न पहुंचे।

19/11/2026…9425172417

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!