खबरों की खबर

नारदवाणी : वे लाट साहब तो आलू से लेकर एसी तक उखाड़ ले गए थे!

  नारदवाणी

​1. वे लाट साहब तो आलू से लेकर एसी तक उखाड़ ले गए थे!

​मैडम के तबादले के बाद बंगला खाली होने की प्रक्रिया चल रही है। चर्चा है कि ज्यादा सामान न होने के कारण सब कुछ एक-दो ट्रकों में सिमट जाएगा। लेकिन इस “बंगला शिफ्टिंग” के बीच मैडम के पूर्व के साउथ इंडियन “लाट साहब” के कारनामे कलेक्टोरेट की हर जुबान पर हैं। ​सूत्रों के मुताबिक, जब “सबसे बड़े साहब” का ट्रांसफर हुआ, तो वे बंगले के पिछवाड़े खेत में लगे आलू से लेकर कमरों में लगे नए-नवेले एसी तक उखड़वा ले गए। हैरानी की बात यह है कि इन एसी का कोई आधिकारिक बिल बड़े साहब के पास नहीं था; इनका बिल उस ठेकेदार फर्म के पास सुरक्षित है, जिससे साहब पूरे कार्यकाल दफ्तर से लेकर कोर्ट तक लड़ते रहे। ​चर्चा यहीं नहीं थमी, सूत्र बताते हैं कि बड़े साहब “जलपरी”  के भी शौकीन थे, जिसे भोपाल से आइसबॉक्स में मंगाया जाता था और कार्यालय परिसर में स्थित साउथ इंडियन चेन रेस्टोरेंट में पकवाया जाता था। मालूम हुआ है कि बड़े साहब यहां भी बड़ी उधारी छोड़ गए हैं। अब यह पड़ताल का विषय है कि यह उधारी सिर्फ “खाना-पान” की थी या “नकद नारायण” की। बहरहाल, अन्ना लोगों की इस उधारी का चुकारा पिछले तीन महीनों से कार्यालय की मीटिंग्स के चाय-नाश्ते के बिलों में हेरफेर करके किया जा रहा है।

​2. इतिहासविद् से इस नकली इतिहास की उम्मीद नहीं थी

​पिछले महीने डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में टेम्परेरी वीसी की नियुक्ति हुई। स्वभाव से रिजर्व बताए जा रहे इन कामचलाऊ साहब को देखकर लगा था कि वे सिर्फ अपने काम से काम रखेंगे। लेकिन चार्ज मिलते ही वे पूरी तरह “संघ” रंग में रंग गए। ​विवि सूत्रों ने उन्हें किसी कार्यक्रम या संगोष्ठी में सुना तो उनके मुख से भारत, मां भारती, सनातन, अखंड भारत, भगवान श्री राम, युगदृष्टा, यशस्वी प्रधानमंत्री जैसे शब्द लगातार निकलते रहे। बहरहाल, विवि के गलियारों में चर्चा है कि एक इतिहासवेत्ता से यह उम्मीद की जाती है कि वे सच्चा इतिहास खोजेंगे और लिखेंगे भी। मगर ये तो उन “पेट्रोल पंप वाले टेम्परेरी वीसी” की तरह निकले, जिन्होंने पात्रता न होने के बावजूद गौर भवन पर अपना नाम बड़ी ढीठता के साथ लिखवा लिया था। ​अपने इतिहासविद् कुलपति भी उन्हीं की राह पर चल पड़े और अपना नाम गौर भवन पर टंकवा दिया। जो कि गौर भवन के रहवासियों के वास्तविक इतिहास में कभी दर्ज नहीं होगा। गलियारों में कानाफूसी है कि नाम चमकाने की ऐसी भी क्या भूख कि खुद के नाम को ही एक नकली इतिहास का हिस्सा बना डाला जाए!

​3. जहरीली शराब वाली दुकान का लाइसेंस अपराधियों के हाथ

​बंडा के चर्चित जहरीली शराब कांड के लिए जिम्मेदार बरेठी शराब दुकान का लाइसेंस उन्हीं लोगों को सौंप दिया गया है, जिन पर अवैध शराब बेचने और तस्करी के गंभीर मामले दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार, यह ठेका बांसा (दमोह) के एक परिहार परिवार की महिला के नाम पर हुआ है। आरोप है कि इस महिला का पति और पुत्र अवैध शराब के मामलों में आरोपी रह चुके हैं। इससे भी गंभीर बात यह है कि इस दुकान की ठेकेदारी में “स्लीपिंग पार्टनर” के तौर पर जेल में बंद मनीष उर्फ यशवंत लोधी की मां भी शामिल हैं। मनीष की मां को दुकान के उद्घाटन की पूजा-पाठ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए देखा गया है। ​पुलिस-प्रशासन की पुरानी जांच के मुताबिक, बरेठी शराब दुकान के पूर्व लाइसेंसी मनीष उर्फ यशवंत लोधी का आबकारी से जुड़ा लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह इस कांड के मुख्य आरोपियों में से एक है। इसके बावजूद, वह नाम बदलकर ठेका लेने में कामयाब हो गया। इस स्थिति को देख तब तत्कालीन कलेक्टर-एसपी ने दावा किया था कि आबकारी अपराधों में लिप्त लोगों या उनके करीबी रिश्तेदारों को कभी शराब दुकान का लाइसेंस नहीं दिया जाएगा। लेकिन ताजा घटनाक्रम में जिला आबकारी शाखा (कलेक्टर ) की सहायक आयुक्त वंदना पांडे ने उस सख्त निर्णय को कूड़ेदान में डाल दिया और आबकारी अपराधियों को लाइसेंस थमा दिया। चर्चा है कि जहरीली शराब कांड के बाद आबकारी विभाग में इन दिनों “देवी लक्ष्मी” की विशेष उपासना जोरों पर है, जिसका यह परिणाम सबके सामने है।

​4. अवैध पार्किंग भी शहर में फैले कचरे के समान है!

​नगर निगम कमिश्नर और सागर स्मार्ट सिटी कंपनी लिमिटेड के सीईओ राजकुमार खत्री की उपलब्धियां वाकई तारीफ के काबिल हैं। ‘स्वच्छ सर्वे 2025-26’ में देश भर में तीसरा स्थान हासिल करना कोई आसान काम नहीं था, और वह भी तब, जब शहर के सत्ताधारियों का द्वंद्व अपने चरम पर हो। इन सब बाधाओं के बावजूद कमिश्नर खत्री ने अपने प्रशासनिक कार्यों को पटरी से उतरने नहीं दिया। ​इसी दौरान दीवाली हाट बाजार की व्यवस्था संभालना एक बड़ी चुनौती थी, जिसे उन्होंने पुलिस प्रशासन की मदद से बेहतरीन तरीके से निपटाया। इसमें सबसे बड़ा कदम शहर के मुख्य बाजारों में धूल फांक रहे चार-पहिया वाहनों को हटवाना था। हालांकि, दीवाली और भाई दूज बीतते ही वे वाहन एक बार फिर सड़कों पर आकर जस के तस जम गए हैं। इसी सिलसिले में शहर में यह चर्चा छिड़ गई है कि नगर निगम कब तक सिर्फ कचरे ही सारी गड़बड़ी मानकर प्लानिंग बनाता रहेगा? जबकि कचरे की तरह बेतरतीब पार्किंग भी  शहर को गंदा और भद्दा दिखाती है। क्या कचरे और गंदगी की तरह बाजारों से लेकर सिविल लाइंस तक की अवैध पार्किंग को साफ नहीं किया जाना चाहिए या फिर इसके लिए भी सरकार द्वारा कोई इनाम घोषित किए जाने का इंतजार करना पड़ेगा ?

​5. पद्मश्री को लालयित समाजसेवी और ये नवोदित कवि

​और अंत में… शहर के एक उभरते कवि ने पद्मश्री पाने की लालसा रखने वाले एक तथाकथित समाजसेवी को केंद्र में रखकर एक लंबी कविता नारदवाणी को व्यक्तिगत रूप से भेजी है। इसके संपादित अंश नीचे प्रस्तुत हैं। शेष हिस्सा आप कमेंट बॉक्स में पढ़ सकते हैं।

​बीड़ी महारानी और श्री की कहानी

​बीड़ी महारानी का निराला ठाठ, दिल्ली तक बिछी बिसात,

न खोज, न आविष्कार, न सेवा फिर भी सम्मान की बात!

तेंदूपत्ते के साम्राज्य से राष्ट्रपति भवन का अरमान,

बीड़ी बिके न बिके, अख़बारों में चमके नाम!

​मज़दूर तोड़ें तेंदूपत्ता, बनाएँ बीड़ी दिन-रात,

मैडम ने साम्राज्य खड़ा किया, उन्हीं के श्रम के साथ!

श्रमिक माँगें मज़दूरी, महारानी माँगें सम्मान,

कैंसर का ख़तरा जनता को, मैडम को श्री का मान!

​कल तक गुरुजी पूजनीय थे, चरणों में था ध्यान,

गुरु ने भी श्री माँगा, तो जाग उठा अभिमान!

गुरु बीमार पड़े तो मैडम, हाल पूछने न आईं,

फुटबॉल को लात लगाकर, सेवा की फ़ोटो खिंचवाईं!

​पुराने कर्मचारी के बेटे को, जब मिला सम्मान,

ईर्ष्या की चर्चा से हिल उठा, महारानी का मकान!

“नौकर का बेटा सम्मानित, हम रह जाएँ खाली?”

दिल्ली दौड़ो, जुगाड़ लगाओ, अब अपनी भी बारी!

​कमांडो और बंदूकधारी, शाही ठाठ अपार,

न युद्ध, न दुश्मन, फिर भी पहरेदारों की भरमार!

श्रमिक के घर चूल्हा ठंडा, सुरक्षा का विस्तार,

कवि पूछे, “किससे ख़तरा?” बोलीं, “दिखाना है दरबार!”

​बीड़ी संगठनों में महारानी, बिटिया और दामाद,

कुर्सी पर कुर्सी, पद पर पद, सेवा का संवाद!

घपलों की चर्चा, चंदे-खातों पर उठते सवाल,

जाँच बिना दोष नहीं, पर सार्वजनिक हो हर हिसाब!

क्रमशः

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!