सोनिया गांधी ने गर्भपात के लिए इस स्वामी को ठहराया था जिम्मेदार!
सोनिया गांधी की नई किताब के खुलासों से वर्षों पहले सागर विवि के एक शोधार्थी सामने ला चुके हैं उनके गर्भपात की यह अनकही दास्तां

सागर। इन दिनों सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ साहित्यिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। इस पुस्तक में कई सोनिया गांधी के जीवन से जुड़े अनछुए पहलु उजागर हुए हैं। हालांकि, बहुत कम लोग यह जानते हैं कि इस पुस्तक में हुए खुलासों से वर्षों पहले ही डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के शोधार्थी डॉ. रणवीर सिंह राजपूत ने वर्ष 2009 में श्रीमती सोनिया गांधी के जीवन पर पीएचडी की थी। अपने इस शोध में उन्होंने उस संवेदनशील घटना का भी उल्लेख किया था कि सोनिया गांधी ने अपने पहले गर्भपात के लिए किसे जिम्मेदार ठहराया था। इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की असल कहानी कुछ इस प्रकार है कि…. 13 जनवरी, 1968 को एंतोनियो माइनो (सोनिया गांधी) ने अपनी माता श्रीमती पाओला माइनो, दोनों बहनों और मामा मारियो प्रेडेबॉन के साथ भारत की धरती पर कदम रखा। दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पर माइनो परिवार के स्वागत के लिए स्वयं राजीव गांधी, संजय गांधी और राजीव के बालसखा अमिताभ बच्चन सहित कई करीबी मित्र मौजूद थे। भारत आने के बाद प्रख्यात कवि डॉ. हरिवंश राय बच्चन का घर ही एंतोनियो माइनो का मायका बना और यहीं से उनकी डोली भी उठी। 25 जनवरी, 1968 को एंतोनियो और राजीव गांधी की सगाई संपन्न हुई, और इसके ठीक एक महीने बाद 25 फरवरी को बसंत पंचमी के पावन अवसर पर दोनों परिणय सूत्र में बंध गए।
यह भी एक सुखद संयोग ही था कि ठीक इसी दिन इंदिरा गांधी और फिरोज गांधी का भी मिलन हुआ था। विवाह से पूर्व 25 फरवरी, 1968 को मेंहदी की रस्म बच्चन परिवार के निवास पर हुई, जिसके बाद 1, सफदरजंग रोड के पिछले लॉन में बेहद सादगीपूर्ण ढंग से सिविल मैरिज संपन्न हुई। एंतोनियो के पिता स्टीफनो माइनो ने इस विवाह को अपनी सहमति तो दी थी, किंतु यह मंजूरी कुछ विवशतावश दी गई थी, यही कारण रहा कि वे इस समारोह में शामिल नहीं हुए। उनकी अनुपस्थिति में एंतोनियो के मामा मारियो प्रेडेबॉन ने कन्यादान की रस्म निभाई। यह विवाह समारोह सादगीपूर्ण था, जिसमें केवल 250 चुनिंदा अतिथि ही आमंत्रित थे। हालांकि, बाद में इंडिया गेट के समीप आयोजित रात्रि भोज में करीब 1,000 मेहमानों ने शिरकत की। अपने बेटे के विवाह से तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी इतनी प्रफुल्लित थीं कि उस क्षण वे यह तक भूल गईं कि वे देश के सर्वोच्च पद पर आसीन हैं। विवाह के उपरांत एंतोनियो माइनो को नया नाम मिला—’सोनिया गांधी’, जिन्होंने आगे चलकर नेहरू-गांधी परिवार की विरासत और परंपराओं को बखूबी आगे बढ़ाया। विवाह के बाद जब मायके के सभी रिश्तेदार वापस इटली लौट गए, तो सोनिया गांधी स्वयं को अकेला महसूस करने लगीं। इस स्थिति को भांपते हुए इंदिरा गांधी ने राजीव को विशेष हिदायत दी कि वे नई बहू को बिल्कुल अकेला न छोड़ें। राजीव गांधी ने भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सोनिया का पूरा ख्याल रखा। साल 1969 में जब सोनिया गांधी पहली बार गर्भवती हुईं, तो राजीव गांधी की खुशियों का ठिकाना न रहा। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; अचानक हुए गर्भपात ने इस खुशी को गहरे सदमे में बदल दिया। इस घटना से सोनिया गांधी बेहद विचलित हो गईं और उन्होंने इसका पूरा दोष योगाचार्य धीरेन्द्र ब्रह्मचारी पर मढ़ा, क्योंकि उन दिनों वे ही सोनिया गांधी को योग का प्रशिक्षण दिया करते थे।
ईश्वर ने सोनिया गांधी की प्रार्थना फिर सुनी और 19 जून, 1970 को उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया, जिसका नाम ‘राहुल’ रखा गया। इसके पीछे भी एक दिलचस्प किस्सा है दरअसल, इंदिरा गांधी अपने बड़े बेटे राजीव का नाम राहुल रखना चाहती थीं, लेकिन पंडित जवाहरलाल नेहरू के आगे उनकी एक न चली और नेहरू जी ने उनका नाम राजीव रखा। वर्षों बाद जब इंदिरा गांधी को अपने पोते का नामकरण करने का अवसर मिला, तो उन्होंने ‘राहुल’ नाम रखकर अपनी वह पुरानी अभिलाषा पूरी की। राहुल के जन्म से प्रधानमंत्री निवास में खुशियों की बहार आ गई; इंदिरा, राजीव और सोनिया को मानो दुनिया की हर खुशी मिल गई थी। अभी प्रधानमंत्री आवास में राहुल की किलकारियां गूंज ही रही थीं कि 12 जनवरी, 1972 को सोनिया गांधी ने एक पुत्री ‘प्रियंका’ को जन्म दिया। दोनों बच्चों के जन्म के बाद सोनिया गांधी ने स्वयं को पूरी तरह अपने परिवार के प्रति समर्पित कर दिया। पति राजीव गांधी एक पायलट के रूप में अपनी नौकरी पर जाते, और सोनिया घर पर अपने दोनों बच्चों की परवरिश करते हुए एक संतुष्ट व प्रसन्नचित्त जीवन व्यतीत करने लगीं।
12/11/2026…..9425172417



