खबरों की खबर

सागर में देसी शराब की कमी, नकली और अवैध शराब का खतरा बढ़ा!

आबकारी के तीनों वेयर हाउस से देसी शराब का स्टॉक खत्म

सागर। जिले की लाइसेंसी दुकानों में देसी (प्लेन और मसाला) शराब का स्टॉक लगभग खत्म होने से बिक्री ठप पड़ गई है, जिससे एक ओर जहां छोटे और मंझोले ठेकेदारों की आर्थिक कमर टूट रही है, वहीं दूसरी ओर मजदूर तबके की जेब पर भी सीधा डाका पड़ रहा है। सप्लाई ठप होने का सबसे खतरनाक पहलू यह है कि सस्ती शराब की तलाश में लोग अब पड़ोसी जिलों से तस्करी कर लाई जा रही अवैध शराब का रुख कर सकते हैं। ऐसे में माफिया इस मौके का फायदा उठाकर नकली शराब खपा सकते हैं, जिससे जिले में बंडा के चर्चित जहरीली शराब कांड जैसी भयावह घटना की पुनरावृत्ति का खतरा मंडराने लगा है। आबकारी विभाग के जिले के तीनों प्रमुख वेयर हाउस सागर, खुरई और रहली लगभग खाली हो चुके हैं। इसकी मुख्य वजह जिले की लाइसेंसी सप्लायर डिस्टिलरी (डीसीआर एंड कंपनी) द्वारा जरूरत के मुताबिक उत्पादन न कर पाना बताया जा रहा है। इस अव्यवस्था की सबसे बड़ी मार छोटे ठेकेदारों पर पड़ी है, जिनकी 15 हजार से अधिक पेटियों की डिमांड के चालान पिछले 10 दिनों से पोर्टल पर लंबित हैं। ठेकेदारों का कहना है कि दुकानों की पाक्षिक लाइसेंस फीस का 50 से 60 फीसदी हिस्सा देसी शराब की बिक्री से ही निकलता है, ऐसे में सप्लाई रुकने से किस्त चुकाना मुश्किल हो गया है।

दुकानों पर सस्ती देसी शराब न मिलने से सबसे ज्यादा परेशानी दिहाड़ी मजदूर और निम्न आय वर्ग के लोगों को हो रही है। जो देसी शराब का क्वार्टर उन्हें 80 से 100 रुपये में मिल जाता था, उसकी जगह अब मजबूरन 140 से 160 रुपये खर्च कर सस्ती अंग्रेजी शराब खरीदनी पड़ रही है। बढ़ी हुई कीमतों से बचने के लिए ही इस वर्ग के अवैध और कच्ची शराब के जाल में फंसने की आशंका सबसे ज्यादा बढ़ गई है। दूसरी तरफ, ठेकेदारों ने आबकारी अमले की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि अधिकारी और डिस्टिलर के बीच समन्वय का पूरी तरह अभाव है। अमला अवैध शराब की रोकथाम करने के बजाय जब देवरी या मछरयाई जैसी जगहों पर कोई हादसा या मौत होती है, तब लाइसेंसी दुकानदारों पर ही अव्यवहारिक नियम थोपने लगता है। वर्तमान में भी दुकानों में माल उपलब्ध कराने के बजाय अधिकारी दुकानों के बाहर लाइटिंग और साफ-सफाई बढ़ाने का दबाव बना रहे हैं। इस पूरे मामले पर गोपालगंज वेयर हाउस प्रभारी एडीओ पूजा वर्मा का कहना है कि डिस्टिलरी से उत्पादन कम होने के कारण सप्लाई घटी है। आपूर्ति को जल्द बहाल करने के लिए सहायक आयुक्त सहित आबकारी अमला मंगलवार को डिस्टिलरी का निरीक्षण कर व्यवस्था दुरुस्त करने का प्रयास कर रहा है।

सागरवाणी…9425172417

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!