ब्रेकिंग न्यूज़

गलत ई-चालान पर अधिवक्ता ने किया केस यातायात पुलिस जुर्माना वापस करने तैयार

सागर। गलत वाहन के नंबर पर बिना हेलमेट ई-चालान काटने और भुगतान कराने के मामले में जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग में परिवाद दायर होने के बाद यातायात पुलिस ने अपनी तकनीकी चूक स्वीकारनी पड़ी। आयोग से समन जारी होने के बाद यातायात थाना प्रभारी ने अपना जवाब-प्रतिवेदन पेश करते हुए 300 रुपये की चालान राशि वापस करने पर सहमति जताई है। हालांकि अधिवक्ता द्वारा मांगे गए 1.50 लाख रुपये के मुआवजे की मांग को अनुचित बताते हुए परिवाद खारिज करने का अनुरोध किया है। मामला यूं है कि शनीचरी वार्ड निवासी 59 वर्षीय अधिवक्ता राजेन्द्र कुमार पाठक के पास हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MP-15-NG-9054 है। परिवाद के अनुसार, 17 सितंबर 2025 को दोपहर 1:43 बजे स्टेशन से कटरा बाजार आते समय बिना हेलमेट वाहन चलाने के आरोप में उनके नाम से ई-चालान जनरेट हुआ। एड. पवन नन्होरिया के माध्यम से आयोग में प्रस्तुत परिवाद में कहा गया कि चालान में घटनास्थल का स्पष्ट विवरण नहीं है और संलग्न फोटो किसी अन्य वाहन MP-15-ZG-9054 की है, जो परिवादी का नहीं है। परिवादी का आरोप है कि चालान जमा न करने पर प्रकरण न्यायालय भेजने तथा 1,000 रुपये जुर्माना व वकील और चालान भरने का अलग से खर्च पड़ने की चेतावनी देकर बार-बार कॉल कर परेशान किया गया। जिससे परेशान होकर उन्होंने 8 अक्टूबर 2025 को 300 रुपये की राशि जमा कर दी। इसे अनुचित व्यापार व्यवहार और सेवा में कमी मानते हुए उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 की धारा-35 के तहत परिवाद दायर कर 300 रुपये (18 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित), मानसिक, आर्थिक व शारीरिक क्षति के लिए 1,00,000 रुपये तथा सेवा में कमी की क्षतिपूर्ति के रूप में 50,000 रुपये दिलाने की मांग की गई है। दूसरी ओर आयोग द्वारा जारी समन के जवाब में यातायात थाना प्रभारी ने स्मार्ट सिटी कार्यालय सागर से प्राप्त प्रतिवेदन के हवाले से स्पष्ट किया कि शहर में वर्ष 2020 से इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम  व ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्नाइजेशन  के माध्यम से स्वचालित ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2025 को नंबर प्लेट स्कैनिंग व डेटा प्रोसेसिंग के दौरान अक्षरों की दृश्य समानता के कारण MP-15-ZG-9054 के स्थान पर त्रुटिवश MP-15-NG-9054 पर 300 रुपये का चालान जारी हो गया, जो विशुद्ध रूप से तकनीकी त्रुटि है और इसमें विभाग या किसी अधिकारी की व्यक्तिगत दुर्भावना नहीं है। मामला संज्ञान में आने के बाद चालान  को संबंधित वाहन MP-15-ZG-9054 के स्वामी अरुण ठाकुर के विरुद्ध स्थानांतरित कर दिया गया है। पुलिस ने अपने प्रतिवेदन में यह भी उल्लेख किया कि ITMS रिकॉर्ड के अनुसार संबंधित वाहन पर पूर्व में भी 21 दिसंबर 2023, 26 जनवरी 2025, 28 जनवरी 2025 और 8 फरवरी 2025 को बिना हेलमेट के चालान जारी हुए हैं। साथ ही यह तर्क दिया गया कि SMS के माध्यम से भेजे गए ई-चालान नोटिस में 15 दिन के भीतर जवाब देने, यातायात कार्यालय में उपस्थित होने या ऑनलाइन ग्रीवांस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने का विकल्प उपलब्ध था, लेकिन परिवादी ने उस प्रक्रिया का उपयोग नहीं किया और सीधे भुगतान के बाद परिवाद प्रस्तुत कर अनावश्यक विवाद खड़ा किया है। हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया है कि वह 300 रुपये की मूल चालान राशि तुरंत लौटाने को तैयार है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!