सागर। शराब पीने के बाद हुई दो मौतों के बाद बंडा का शासन-प्रशासन ऐसा अलर्ट मोड पर आया है कि अब सरकारी अमला खुद मैदान में उतरकर ‘शौकीनों’ को शराब पीने का प्रॉपर तरीका और सलीका सिखा रहा है। नजारा भी कुछ ऐसा कि देखने वाले दंग रह जाएं। बंडा की कंपोजिट देसी-अंग्रेजी शराब दुकान के ठीक बाहर एक तरफ मयखाने की रेट लिस्ट टंगी है तो दूसरी तरफ गले में स्टेथोस्कोप लटकाए सफेद एप्रन पहने डॉक्टर- नर्स की टीम और खाकी वर्दीधारी पुलिस-आबकारी अमले का जमावड़ा लगा है। बंडा की शराब दुकान पर दवा और दारू का यह अनोखा संगम दिनभर लोगों के कौतुहल और चटखारेदार चर्चाओं का केंद्र रहा। कलेक्टर दिलीपकुमार यादव के फरमान पर खुद सीएमएचओ डॉ. देवेश पटेरिया और बीएमओ डॉ. योगेन्द्र खटीक अपनी मेडिकल टीम और एम्बुलेंस के साथ कलारी पर डटे रहे और वहां आने वाले करीब 20 से 25 ‘मयकशों’ का बाकायदा हेल्थ चेकअप कर उन्हें सेहतमंद तरीके से जाम छलकाने की एडवाइज दी।
इस अनोखी पाठशाला में डॉ. पटेरिया ने शौकीनों की नब्ज टटोलते हुए बड़े ही अपनत्व भरे अंदाज में समझाया कि भाई यूं तो शराब सेहत के लिए हानिकारक है, लेकिन अगर आप इसके आदी हो चुके हैं और लत नहीं छूट रही है तो कम से कम जान से खिलवाड़ न करें। उन्होंने हिदायत दी कि गांव-गली की किराना दुकानों या अवैध ठिकानों की कच्ची- नकली शराब से तौबा कर लें। हमेशा रजिस्टर्ड सरकारी दुकान से ही माल खरीदें। बात यहीं खत्म नहीं हुई, सीएमएचओ साहब ने बाकायदा ‘ड्रिंकिंग एटिकेट्स’ सिखाते हुए कहा कि खाली पेट शराब हर्गिज न पिएं। इसके बाद तगड़ी डाइट यानी अच्छा खाना-खुराक जरूर लें। पूरी एहतियात बरतें, क्योंकि जान है तो जहान है। हालांकि इन सीन के शुरुआती कुछ मिनटों तक, कलारी पर अचानक डॉक्टरों और पुलिस देख पहले तो कई शौकीनों का नशा काफूर हो गया, मगर जब माजरा समझ आया तो माहौल गुलजार हो गया।
इधर चेकअप कराकर बाहर निकले ‘रमेश उर्फ पप्पू भैया’ ने मुस्कुराते हुए कहा कि जिंदगी में पहली बार ऐसा लग रहा है कि सरकार को हमारी सेहत की इतनी फिक्र है, वरना पहले तो ठेके के बाहर पुलिस का डंडा ही मिलता था, आज डॉक्टर साहब का नुस्खा और डाइट चार्ट मिल गया। वहीं, पास ही खड़े ‘लखन दाऊ’ ने चुटकी लेते हुए कहा कि भैया, अब तो अहाते में चखने के साथ-साथ प्रोटीन डाइट और मल्टीविटामिन की व्यवस्था भी हो जाए तो सरकारी मुहिम सौ फीसदी कामयाब हो जाएगी। इस प्रयोग से इतर जिला प्रशासन का साफ कहना है कि अवैध शराब के सौदागरों पर एक्शन जारी रहेगा। उन्हें किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही शौकीनों की सेहत की यह ‘सैंपलिंग’ और काउंसलिंग आगे भी चलती रहेगी।
सागरवाणी…9425172417
