जली हालत में मिला 11 साल के लड़के का शव
घर में मौजूद छोटे- बड़े भाई - बहन भी कुछ नहीं बता पा रहे

sagarvani.com।9425172417
सागर। उपनगर मकरोनिया थाना क्षेत्र में एक 11 साल के लड़के का शव जली हुई हालत में मिला है। पुलिस के अनुसार यहां के बड़तुआ गांव के एक टपरानुमा मकान में शिवराज(11) पिता स्व. रंजीत अहिरवार का शव शुक्रवार सुबह मिला। जहां शव पड़ा था वह मृतक का ही रहवास बताया जा रहा है। पुलिस को संदेह है कि इस बच्चे की पहले हत्या की गई। फिर सुबूत नष्ट करने उसके शव को आग के हवाले कर दिया गया। मृतक की एक छोटी बहन व एक बड़ा भाई है। जो करीब 16 -17 साल का है। मां दिल्ली – मुंबई सरीखे किसी महानगर में मजदूरी करने गई है। जबकि पिता का काफी समय पहले निधन हो चुका है। समाचार लिखे जाने तक शव का PM नहीं हो पाया था।
क्रेशर मजदूर पर हत्या का संदेह
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस बच्चे की हत्या को पास ही काम काम करने वाले एक क्रेशर मजदूर ने अंजाम दिया है। पुलिस के मुताबिक उसका नाम अंकित अहिरवार है। खोजबीन के लिए पुलिस क्रेशर पर पहुंची तो वह गायब मिला। अन्य मजदूरों का कहना था कि अंकित 5 -6 दिन से गायब है। घटनाक्रम को लेकर एसपी अभिषेक तिवारी का कहना है कि ये एक गंभीर आपराधिक मामला है। अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द संदेही/ आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
12/07/2024



