मृतक के पिता का सनसनीखेज आरोप, ततरवारा कांड की छिपी हुई जहरीली शराब आई बाहर!
बंडा में शराब पीने से गुरुवार को दो की मौत, एक आईसीयू में; आबकारी के खाली वेयरहाउस और सुस्त अमले ने खोली व्यवस्था की पोल! अवैध शराब पकड़ने में नाकाम आबकारी विभाग, ठेकेदारों की निशानदेही पर पकड़ी जा रही खेप। जिले के तीनों वेयरहाउस (सागर, खुरई, रहली) रीते पड़े, 15 हजार पेटियों के चालान अटके; सस्ती देसी शराब न मिलने से अवैध और नकली शराब के जाल में फंस रहे मजदूर

सागर। बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा रामचंद्र में शराब पीने के बाद कमलेश लोधी (35) और चंद्रभान लोधी की संदिग्ध मौत ने एक बार फिर जिले के आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर दिया है। इसी क्षेत्र के कांटी गांव निवासी राजू उर्फ अर्जुन लोधी की भी शराब पीने के बाद बिगड़ी हालत के चलते बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में जिंदगी और मौत से जंग जारी है। हालांकि, sagarvani.com किसी भी स्तर पर इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता कि ये मौतें जहरीली या नकली शराब से ही हुई हैं, लेकिन मृतक के परिजनों के बयान, मौत से पहले के लक्षण और जिले में देसी शराब की किल्लत के मौजूदा हालात इस भयावह आशंका को सिरे से खारिज भी नहीं करते।
पिता ने जताई ततरवारा की पुरानी शराब की आशंका
मृतक कमलेश लोधी के पिता नारायण लोधी के बयानों ने इस पूरे मामले को बेहद गंभीर मोड़ दे दिया है। नारायण लोधी के मुताबिक, 35 वर्षीय कमलेश टेंट हाउस का काम करता था और शारीरिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ व मजबूत था, उसे कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। घटना वाले दिन सुबह करीब 10 बजे जब नारायण खेत पर सिंचाई कर रहे थे, तब घर से फोन आया कि कमलेश की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। घर पहुंचने पर पता चला कि उसे लगातार उल्टियां हो रही हैं। नारायण लोधी ने बताया कि कमलेश सिर्फ देसी शराब पीता था। तबीयत बिगड़ने पर वह बुरी तरह तड़प रहा था और कह रहा था— “मेरा सिर फटा जा रहा है, इसे दबाओ…”। देखते ही देखते उसकी आंखें सफेद पड़ गईं और खुली की खुली रह गईं। बंडा अस्पताल ले जाने के बाद उसे सागर रेफर किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। उधर, कमलेश के साथ शराब पीने वाले चंद्रभान लोधी की भी ठीक ऐसे ही लक्षणों के साथ घर पर ही मौत हो गई। नारायण लोधी ने सीधा संदेह जताया है कि यह बंडा के चर्चित ततरवारा जहरीली शराब कांड की वही पुरानी शराब हो सकती है, जिसे उस वक्त पुलिस पूरी तरह बरामद नहीं कर पाई थी और माफियाओं ने कहीं छिपाकर या गाड़कर रख दिया था। उन्होंने बताया कि उनका गांव सेमरा रामचंद्र ततरवारा से महज 4 किलोमीटर दूर है, जबकि बंडा, जमुनिया और बरेठी की सरकारी शराब दुकानें गांव से करीब 8 किलोमीटर दूर हैं। पूर्व में भी ततरवारा से इस तरफ अवैध शराब बिकने आती थी। साथ ही, गांव के पास काले पत्थर की खदानों में पूर्व में जब्त शराब की बोतलें नष्ट की गई थीं, वहां से भी शराब निकालकर बेचे जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
देसी शराब कमी ने बिछाई अवैध और नकली शराब की बिसात!
बंडा के इस ताजा घटनाक्रम की जड़ें आबकारी विभाग के कुप्रबंधन से भी जुड़ती नजर आ रही हैं। जिले के तीनों प्रमुख वेयरहाउस सागर, खुरई और रहली में देसी (प्लेन और मसाला) शराब का स्टॉक लगभग खत्म हो चुका है। जिले की लाइसेंसी सप्लायर डिस्टिलरी (डीसीआर एंड कंपनी) द्वारा मांग के अनुरूप उत्पादन न कर पाने के कारण छोटे और मंझोले ठेकेदारों की 15 से 20 हजार पेटियों के चालान पिछले 10 दिनों से पोर्टल पर लंबित पड़े हैं। इस संबंध में sagarvani.com ने अपनी पिछली खबर में पहले ही चेताया था कि वैध देसी शराब की सप्लाई ठप होने से पड़ोसी जिलों की अवैध और माफियाओं की नकली शराब खपाने का रास्ता साफ हो सकता है।
मैदान से नदारद अधिकारी, ठेकेदारों के भरोसे ‘उड़नदस्ता’!
जिले में अवैध शराब की रोकथाम और जहरीली शराब के ठिकानों को नेस्तनाबूद करने में आबकारी विभाग की भूमिका पूरी तरह संदिग्ध और निष्क्रिय बनी हुई है। जिला आबकारी शाखा में पदस्थ सहायक आयुक्त वंदना पांडे मैदान में तभी सक्रिय दिखती हैं, जब कलेक्टर या पुलिस के आला अधिकारी खुद मोर्चा संभालते हैं। शाखा में पदस्थ एडीओ पूजा वर्मा के पास गोपालगंज स्थित देसी शराब वेयरहाउस के साथ-साथ जिला स्तरीय उड़नदस्ते का भी प्रभार है। आलम यह है कि वेयरहाउस पिछले कई दिनों से खाली पड़ा है और उड़नदस्ते की कार्रवाई केवल कागजों तक सिमटी है आबकारी अमले की लापरवाही पूर्ण कार्य प्रणाली की बानगी बीते सप्ताह कर्रापुर पुलिस चौकी क्षेत्र के मझगुवां में पकड़ी गई 60 पेटी अवैध शराब की जब्ती से समझी जा सकती है। यह खेप आबकारी के सर्किल प्रभारी सियाराम चौधरी या उड़नदस्ता प्रभारी पूजा वर्मा के खुफिया तंत्र ने नहीं, बल्कि एक लाइसेंसी ठेकेदार की निशानदेही पर पकड़ी गई थी। आबकारी सूत्रों का कहना है कि शाखा में अन्य अधिकारी भी हैं लेकिन एक ही अधिकारी को दो- दो चार्ज देकर उपकृत किया जा रहा है। जिसके परिणाम इस तरह की घटनाओं के रूप में सामने आ रहे हैं।
फिलहाल, बंडा थाना पुलिस की अलग-अलग टीमें हर एंगल से जांच में जुटी हैं। संदेह के घेरे में आई सरकारी शराब दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि कमलेश, चंद्रभान और बीएमसी में भर्ती राजू तक मौत का यह जाम आखिर किस रास्ते से पहुंचा था।
9425172417…..20/11/2026



