

कारोबारी के करीबी रिश्तेदार सतना निवासी संजय कुमार गुप्ता के अनुसार, आशीष मुख्य रूप से एमसीएक्स पर सोना और चांदी के वायदा कारोबार में सक्रिय थे। उन्होंने यह रकम बाजार से कर्ज लेकर लगाई थी। इसके अलावा कुछ लोगों के साथ जमीन की खरीद-फरोख्त में भी बड़ी रकम निवेश की थी, जो समय पर वापस नहीं मिल सकी। एक तरफ बाजार में पूंजी डूबने और दूसरी तरफ जमीन के सौदों में पैसा फंसने के कारण टोनी चौतरफा आर्थिक संकट में घिर गए थे, जबकि देनदार लगातार उन पर रकम वापसी का दबाव बना रहे थे। इसी मानसिक तनाव और आर्थिक तंगी से परेशान होकर उन्होंने 17 नवंबर 2026 की तड़के करीब 2 बजकर 15 मिनट पर एक सफेद रंग की किराए की कार से अपने परिवार के साथ घर छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार वह पहले झांसी पहुंचे और वहां से किसी अन्य अज्ञात शहर की ओर निकल गए।
15 दिन में सोना 13 हजार और चांदी 24 हजार रु. टूटे
इधर प्रमुख कमोडिटी और मीडिया रिपोर्ट्स के आंकड़ों पर नजर डालें तो नवंबर माह के बीते पंद्रह दिनों में इन दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में भारी उथल-पुथल और बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिसने उनके निवेश को गहरे घाटे में धकेल दिया। 6 नवंबर 2026 को एमसीएक्स पर सोना 1,42,750 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,84,650 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही थी, लेकिन इसके बाद अमेरिकी डॉलर की मजबूती और वैश्विक बिकवाली के दबाव में कीमतें लगातार नीचे फिसलती चली गईं। 10 नवंबर को घरेलू बाजार में 24 कैरेट सोना 1,42,690 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास था, जो 11 नवंबर को गिरकर 1,41,980 रुपये और 12 नवंबर को 2,180 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 1,39,800 रुपये पर आ गया। गिरावट का यह सिलसिला 13 नवंबर को और तेज हुआ जब सोना 2,450 रुपये टूटकर 1,37,350 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया, वहीं चांदी भी फिसलकर 1,77,590 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई। 14 और 15 नवंबर को बाजार में मामूली सुस्ती के बाद 16 नवंबर को नए कारोबारी सप्ताह की शुरुआत में एमसीएक्स पर दिसंबर वायदा सोना 1,35,612 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.94 प्रतिशत टूटकर 1,71,127 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। कारोबारी के शहर छोड़ने वाले दिन यानी 17 नवंबर तक बाजार का दबाव चरम पर पहुंच गया था और इसके अगले ही दिन 18 व 19 नवंबर को यह गिरावट क्रैश में बदल गई, जहां एमसीएक्स सोना 1,31,709 रुपये से फिसलकर 1,29,149 रुपये प्रति 10 ग्राम के नीचे और चांदी 1,64,808 रुपये से लुढ़ककर 1,60,500 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर जा पहुंची। महज दो सप्ताह के भीतर सोने में लगभग 13,500 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी में करीब 24,000 रुपये प्रति किलोग्राम की इस चौतरफा गिरावट ने कर्ज लेकर वायदा बाजार में दांव लगाने वाले निवेशकों की पूंजी पूरी तरह साफ कर दी।
घर पर छोड़ी चिट्ठी में परेशानी का जिक्र किया
मामले की सूचना मिलने पर मोतीनगर थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि शिकायतकर्ता संजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट पर परिवार की तलाश की जा रही है। घर की तलाशी के दौरान आशीष द्वारा छोड़ा गया एक पत्र भी मिला है, जिसमें उन्होंने अपने ऊपर भारी कर्ज होने और लेनदारों से अपनी फंसी हुई राशि वापस न मिल पाने की पीड़ा व्यक्त की है। हालांकि, पत्र में उन्होंने किसी भी व्यक्ति विशेष पर प्रताड़ित करने या धमकी देने का आरोप नहीं लगाया है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर व्यवसायी और उनके परिवार की पतासाजी में जुटी हुई है।
19/11/2026



