विविधा

सबसे बड़े रिश्वतकांड की सुनवाई टली, 10 जुलाई को आ सकता है फैसला

4 साल पुराने ईपीएफओ कमिश्नर रिश्वत मामले की सुनवाई पूर्ण

सागर। ठीक चार साल पहले सागर संभाग में सबसे बड़ी रिश्वत की राशि मांगने के मामले में विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) 10 जुलाई को फैसला सुना सकता है। याद दिला दें कि जून 2022 में सिविल लाइंस स्थित कार्यालय, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त सतीशकुमार को एक बीड़ी निर्माता फर्म बीआर एंड कंपनी के स्वामी अनिरुद्ध पिंपलापुरे से 5 लाख रु. की रिश्वत लेते हुए ईओडब्ल्यू शाखा सागर ने ट्रेप किया था। सतीशकुमार ने अनिरुद्ध से 10 लाख रु. की राशि बीड़ी फर्म में कार्यरत कर्मचारियों की पीएफ कटौत्रा के सर्वे के बाद सामने आई कथित गड़बड़ी को दुरुस्त करने के नाम पर मांगी थी। इसके बाद सतीश कुमार को रिश्वत की पहली किस्त 5 लाख रु. लेते हुए सनराइज टाउन स्थित आवास पर ट्रेप कर लिया गया था। बहरहाल 4 साल बाद यह मामला फैसला पर आ गया है। ईओडब्ल्यू की तरफ से पैरवी कर रहे एडीपीओ एलपी कुर्मी ने बताया कि गुरुवार को इस मामले में अहम सुनवाई थी लेकिन अभियुक्त सतीश कुमार की बीमारी का हवाला देकर उनके अधिवक्ता ने उपस्थिति से छूट ले ली। जिसके बाद कोर्ट ने अगली तारीख 10 जुलाई मुकर्रर की है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसी दिन इस बहुचर्चित मामले में फैसला सुनाया जा सकता है।

जिसे श्रेष्ठ नियोक्ता बताया, उसे ही श्रम अधिनियम में फंसाया !

यह मामला भ्रष्टाचार और उच्च पद के दुरुपयोग का एक बेहद चौंकाने वाला उदाहरण था। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के तत्कालीन क्षेत्रीय आयुक्त सतीश कुमार ने सागर की प्रतिष्ठित बीड़ी निर्माता फर्म ‘बीआर एंड कंपनी’ के संचालक अनिरुद्ध पिंपलापुरे पर श्रम अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई न करने और सर्वे रिपोर्ट को दबाने के एवज में 10 लाख रुपए की भारी-भरकम रिश्वत की मांग की थी।इस पूरे मामले में सबसे दिलचस्प और विरोधाभासी पहलू यह था कि आरोपी क्षेत्रीय आयुक्त सतीश कुमार ने ही घटना से ठीक एक महीने पहले, 1 मई को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में अनिरुद्ध की इसी फर्म को ‘श्रेष्ठ नियोक्ता श्रमिक कल्याण अवार्ड’ से सम्मानित किया था। लेकिन अचानक क्षेत्रीय आयुक्त सतीश कुमार ने दबाव बनाने के उद्देश्य से उनकी फर्म पर ईपीएफओ की टीम भेजकर औचक सर्वे करा दिया। फिर इसी सर्वे रिपोर्ट को आधार बनाकर 10 लाख रु. की रिश्वत मांगी।

…9425172417    27/06/2026

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!