सागर का “सायको कटरमैन ” भोपाल में सक्रिय, गिरफ्तार
भोपाल पुलिस ने गुरुवार को किया गिरफ्तार, राहतगढ़ निवासी कटरमैन 2014 में कोतवाली थाना क्षेत्र में चार लड़कियों को कर चुका है घायल,भोपाल में भी की घटनाएं, लड़कियों के लिए जारी करना पड़ी एडवायजरी

सागर। राजधानी भोपाल की सड़कों पर मासूम लड़कियों के चेहरे और हाथ कटर से लहूलुहान करने वाले ‘सीरियल कटर’ के आतंक का अंत हो गया है। भोपाल पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए उस सायको किलर को दबोच लिया है, जिसने पिछले कुछ दिनों से शहर की आधी आबादी को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया था। पकड़े गए आरोपी ने न केवल भोपाल के पिपलानी और अयोध्या नगर को दहलाया, बल्कि यह भी कबूला है कि वह 2014 में सागर के कोतवाली और राहतगढ़ थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह की सनसनीखेज वारदातें कर चुका है।

सोशल मीडिया पर वायरल खौफ की हकीकत
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक चेतावनी भरा स्क्रीनशॉट तेजी से प्रसारित हो रहा था। इस वायरल संदेश में कल्पना नगर, सोनागिरी, इंद्रपुरी, नरेला शंकर और भवानी धाम क्षेत्र की लड़कियों को अकेले बाहर न निकलने की सख्त हिदायत दी गई थी। संदेश में जिक्र था कि “शक्ति डोसा कॉर्नर के पास भीड़ के बीच एक लड़की पर चाकू से हमला किया गया है।” शुरुआत में इसे महज अफवाह माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी ने पुष्टि कर दी कि यह खौफ वास्तविक था। आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों में छिपकर वार करता था और पलक झपकते ही गायब हो जाता था।

चोरी की बाइक से रचा ‘खूनी खेल’
पुलिस तफ्तीश में एक चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि आरोपी ने इन वारदातों को अंजाम देने के लिए करीब 4 महीने पहले करोंद सब्जी मंडी से एक ‘पैशन एक्स प्रो’ मोटरसाइकिल चोरी की थी। वह इसी चोरी की बाइक का इस्तेमाल कर लड़कियों का पीछा करता था। 29 जनवरी 2026 की रात उसने तांडव मचाते हुए महज दो घंटे के भीतर 4 लड़कियों को अपना शिकार बनाया। रात 9:30 बजे सोनागिरी बी-सेक्टर, फिर 10:15 और 10:33 पर सोनागिरी ए-सेक्टर (थाना पिपलानी) और अंत में 11:20 बजे भवानी धाम फेस-1 (थाना अयोध्या नगर) में राह चलती लड़कियों पर कटर से हमला कर वह फरार हो गया।

सागर से भोपाल तक अपराध का लंबा इतिहास
37 वर्षीय यह आरोपी मूलतः राहतगढ़ का रहने वाला है और भोपाल में बेलदारी का काम करता था। इसका आपराधिक रिकॉर्ड रोंगटे खड़े कर देने वाला है। साल 2014 में इसने सागर के कोतवाली थाने के अंतर्गत चार लड़कियों को कटर से निशाना बनाया था (अपराध क्र. 51, 52, 64, 66/14)। इसके अलावा राहतगढ़ में भी इस पर मारपीट के मामले दर्ज हैं। भोपाल में पकड़े जाने के बाद अब इस पर पिपलानी और अयोध्या नगर थानों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1) और 109 के तहत हत्या के प्रयास और जानलेवा हमले के 4 नए गंभीर मामले दर्ज किए गए हैं।

150 पुलिसकर्मी और 900 सीसीटीवी कैमरों का जाल
इस सायको किलर को पकड़ना पुलिस के लिए साख का सवाल बन गया था। पुलिस कमिश्नर और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में 40 विशेष टीमें बनाई गईं। लगभग 150 पुलिसकर्मियों ने दिन-रात एक कर शहर के 900 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। 600 से अधिक पुराने बदमाशों और जेल से छूटे अपराधियों की तस्दीक की गई। आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के लिए 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। अंततः तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी महेन्द्र (परिवर्तित नाम) को अयोध्या बायपास के पास जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
05/02/2026



