शिक्षा दीक्षा
Trending

विवि शिक्षक संघ के चुनाव का बिगुल बजा, 29 को वोटिंग

सागर। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय में शिक्षक राजनीति की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सागर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ ने वर्ष 2026 के लिए अपने बहुप्रतीक्षित निर्वाचन की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारी की संयुक्त बैठक में लिए गए निर्णयों के बाद शुक्रवार को इस चुनाव का पूरा खाका सार्वजनिक किया गया। बता दें कि शिक्षक संघ के ये चुनाव पहली बार वोटिंग से हो रहे हैं। इसके पूर्व औपचारिक मनोनयन से यह प्रक्रिया की जाती रही। जानकारी के अनुसार वर्तमान में चुनाव में मतदान की अर्हता रखने वाले शिक्षकों की संख्या 120 से अधिक है। जो लगातार बढ़ रही है।

पदों का विवरण और नामांकन प्रक्रिया

इस बार निर्वाचन के माध्यम से अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव और कोषाध्यक्ष के एक-एक पदों सहित कार्यकारिणी सदस्य के दो पदों पर चुनाव होना है। चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 22 जनवरी को शाम 5:00 बजे मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के साथ होगी। इसके अगले दिन, यानी 23 जनवरी को सुबह 11:00 से दोपहर 3:00 बजे के बीच इतिहास विभाग के कमरा नंबर 22 में नामांकन पत्र जमा किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया भी इसी दिन शाम 5:00 बजे तक संपन्न कर ली जाएगी, जिसके तुरंत बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी।  

विद्यार्थियों और नेताओं का सहयोग प्रतिबंधित

निर्वाचन समिति ने स्पष्ट किया है कि केवल सूटा के वैधानिक सदस्य ही प्रस्तावक या अनुमोदक बन सकते हैं। प्रत्येक प्रत्याशी के पास एक वैधानिक अनुमोदक और एक प्रस्तावक होना अनिवार्य है। कोई भी उम्मीदवार अधिकतम दो पदों के लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकता है। एक विशेष शर्त यह भी रखी गई है कि निर्वाचन की तिथि से अगले एक वर्ष के भीतर सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षक चुनाव नहीं लड़ सकेंगे।

27 को डिबेट, 29 को मतदान और परिणाम

चुनाव को पारदर्शी बनाने के लिए 22 जनवरी की शाम से कड़ी आचार संहिता लागू कर दी जाएगी। प्रत्याशियों द्वारा चुनाव प्रचार में लाउडस्पीकर, माइक या बाहरी छात्र नेताओं और राजनैतिक दलों का सहयोग लेना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। खास बात यह है कि 27 जनवरी को एक ‘प्रेसिडेंशियल डिबेट’ का भी आयोजन किया जाएगा, जहाँ उम्मीदवार अपना विजन रखेंगे। अंततः, 29 जनवरी को सुबह 11:00 से दोपहर 3:00 बजे तक इतिहास विभाग में गुप्त मतदान होगा। उसी दिन शाम 4:00 बजे से मतगणना शुरू होगी और शाम 5:30 बजे तक आधिकारिक परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी। किसी भी प्रकार की आपत्ति के लिए निर्वाचन समिति ने आधिकारिक ईमेल आईडी भी जारी की है।

17/01/2026

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!