
sagarvani.com 9425172417
सागर। वीरांगना रानी अवंतीबाई टाईगर रिजर्व से अच्छी खबर है। यहां की एक बाघ ने चार शावकों को जन्म दिया है। हाल ही रिजर्व के एक विशेष गश्तीदल ने इस बाघ और उसके शावकों की मौजूदगी की पुष्टि की। जन्म लेने वाले शावकों में से तीन मादा व एक नर है।
जिस मादा बाघ ने शावकों को जन्म दिया है, वह टाईगर रिजर्व की पहली बाघ राधा (एन-1) की पहली संतान एन112 है। एन-112साल 2019में तीन शावकों को जन्म दे चुकी है, जिनमें से दो मादा व एक नर है और यह युवा हो चुके हैं। रिजर्व प्रबंधन के अनुसार इन नवजात शावकों की उम्र 15-20 दिन है और वे पूर्णत: स्वस्थ प्रतीत हो रहे हैं। इन चार शावकों को मिलाकर रिजर्व में अब बाघों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है।
सूचना मिली थी, पुष्टि कराने के बाद जानकारी सार्वजनिक की
टाईगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. एए अंसारी ने बताया कि कुछ दिन पहले ही रिजर्व के मैदानी अमले ने एन-112 को शावकों के साथ देखा था। लेकिन बाद में वह ओझल हो गई। इसके बाद एक विशेष गश्ती टीम गठित कर उसकी खोजबीन कराई गई। जिसने इस मादा बाघ के प्रसव की पुष्टिï की। इस दौरान हमारे एक ट्रेप कैमरे में भी यह बाघ, शावकों के संग कैप्चर हुई।
डॉ. अंसारी का कहना है कि बाघ व उसके बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए जहां इस मादा ने डेरा डाल रखा है, वहां मानवीय आवाजाही को रोक दिया गया है। नियमित अंतराल पर उसकी निगरानी का शेड्यूल तैयार किया गया है।
10/05/2025



