चर्चित
सात दिन में मांगें न मानीं तो 15 से सामूहिक अवकाश पर जाएंगे पटवारी

सागर। मध्य प्रदेश पटवारी संघ भोपाल के आह्वान पर प्रदेश भर के पटवारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वर्षों से लंबित 5 सूत्रीय मांगों का निराकरण न होने से आक्रोशित पटवारी संवर्ग ने शासन-प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम दिया है। पटवारी संघ ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि तय समय में उनकी जायज मांगों पर आदेश जारी नहीं किए गए, तो 15 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक प्रदेश के समस्त पटवारी तीन दिवसीय सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे। इस सांकेतिक आंदोलन के बाद भी यदि सरकार नहीं जागी, तो चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी।
पटवारी संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर लगातार शांतिपूर्ण तरीके से प्रयास कर रहे हैं। इस सिलसिले में मुख्यमंत्री से उनके आवास पर भेंट कर पटवारी महाधिवेशन का आमंत्रण भी दिया गया था। तब मुख्यमंत्री ने नवंबर 2025 का समय देकर तारीख तय करने का आश्वासन दिया था। लेकिन लगातार चक्कर काटने के बाद भी मुख्यमंत्री कार्यालय से न तो महाधिवेशन के लिए तारीख मिली और न ही लंबित मांगों का कोई निराकरण हुआ। इस वादाखिलाफ़ी से प्रदेश का पटवारी संवर्ग खुद को शोषित और उपेक्षित महसूस कर रहा है।
