ब्रेकिंग न्यूज़
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव: सोशल मीडिया और फ्लेक्स पर दिखने लगी दावेदारी

सागर। सागर के जिला अधिवक्ता संघ के आगामी चुनाव को लेकर कोर्ट परिसर में राजनीतिक सुगबुगाहट तेज हो गई है। चुनावी प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत अधिवक्ताओं द्वारा संघ की सदस्यता फीस जमा कराने के साथ शुरू हो चुकी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि ये चुनाव जुलाई 2026 के आखिरी हफ्ते या अगस्त के पहले सप्ताह में संपन्न हो सकते हैं, क्योंकि तब तक जबलपुर में आज मंगलवार से शुरू हो रही राज्य अधिवक्ता परिषद की मतगणना के परिणाम भी सामने आ जाएंगे। इस बीच, संभावित उम्मीदवारों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और होर्डिंग्स-फ्लेक्स के जरिए अपनी दावेदारी पेश करना शुरू कर दिया है। चुनावी मैदान में कुछ ऐसे पुराने चेहरे हैं जो वर्षों से अपनी पहली जीत (विजय श्री) का इंतजार कर रहे हैं, तो वहीं कुछ ऐसे पूर्व पदाधिकारी भी हैं जो इस बार बतौर ‘प्रमोशन’ ऊंचे पदों पर अपनी किस्मत आजमाने की तैयारी में हैं। सूत्रों के अनुसार, इस बार सबसे हॉट सीट यानी अध्यक्ष पद के लिए एडवोकेट संजय द्विवेदी, कल्याणसिंह, योगेश श्रीवास्तव, हरेन्द्र तिवारी, रामदास राज और संतोष साहू के नाम चर्चा में हैं। इन सबके बीच एक और नाम है जो फिलहाल हवाओं में नहीं है, वह नाम लगातार तीन बार अध्यक्ष रहे सीनियर एडवोकेट अंकलेश्वर दुबे “अन्नी” का है। उनके करीबी अधिवक्ता साथियों का कहना है कि वे फिलहाल राज्य अधिवक्ता परिषद की मतगणना पर अपना ध्यान केंद्रित किए हुए हैं, क्योंकि उन्होंने इस बार राज्य परिषद के सदस्य का चुनाव लड़ा है। हालांकि, चर्चा यह भी है कि परिषद की मतगणना संपन्न होने के बाद संभव है कि वे भी जिला संघ के अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी ठोक दें।
अन्य महत्वपूर्ण पदों की बात करें तोसचिव पद के लिए एड. दुष्यंत मिश्रा, शिरीष यादव, जितेंद्र राठौर और नरेंद्र पांडे रेस में आगे चल रहे हैं।उपाध्यक्ष पद के लिए एड. माधव पटेल और निधीश तिवारी ढाना के नामों की चर्चा है। सह-सचिव पद पर महिला उम्मीदवारों में एड. एनी गोस्वामी और नीलम पटेल लगातार जनसंपर्क कर रही हैं। इनके अलावा करीब डेढ़ दर्जन अधिवक्ता पुस्तकालय प्रभारी, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य के लिए जमीन तलाश रहे हैं। वर्तमान में संघ की कुल सदस्य संख्या लगभग 2,400 है। पुराने रिकॉर्ड्स बताते हैं कि इनमें
से करीब 70-75 फीसदी अधिवक्ता ही समय पर फीस जमा कर मतदान और चुनाव लड़ने की पात्रता हासिल कर पाते हैं। निवर्तमान पदाधिकारियों के मुताबिक, सदस्यता फीस जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून तय की गई है, जिसे जरूरत पड़ने पर कुछ दिन आगे भी बढ़ाया जा सकता है। फिलहाल, तारीखों के आधिकारिक ऐलान से पहले ही वकीलों के बीच चुनावी बिसात बिछनी शुरू हो गई है।
15/06/2026
ट्रिन… ट्रिन: 9425172417



