
सागर। शुक्रवार की सुबह सागर के रतौना-राहतगढ़ ओवरब्रज के पास रेल की पटरियों पर एक हाई-वोल्टेज ड्रामा हुआ। शराब के नशे में धुत एक सनकी बदमाश ने न केवल सामने से आ रही मालगाड़ी को बीच ट्रैक पर रोक लिया, बल्कि लोको पायलट पर पथराव कर इंजन के कांच भी फोड़ दिए। इस अजीबोगरीब ‘इंसाफ’ के पीछे बदमाश का तर्क सुनकर मौके पर मौजूद लोग भी सन्न रह गए।
पम्मा कबाड़ी नाम के इस बदमाश का दावा था कि वह एक हफ्ते पहले इसी ट्रैक पर कटी एक बुजुर्ग की लाश का बदला ले रहा है। नशे की हालत में उसने चिल्लाते हुए ट्रेन रोकी और कहा, “अगर उस दिन भी इसी तरह गाड़ी रोक लेते, तो उस बुजुर्ग के दो टुकड़े नहीं होते!” चश्मदीदों और पुलिस के मुताबिक, पम्मा ने न सिर्फ ट्रेन रोकी बल्कि इंजन के केबिन पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए, जिससे लोको पायलट और उनके सहायक को मामूली चोटें भी आईं।
जब आसपास के लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की कि तेज रफ्तार ट्रेन को अचानक रोकना हर बार मुमकिन नहीं होता, तो वह और भड़क गया। वारदात के बाद पम्मा मौके से फरार हो गया, लेकिन मोतीनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे राहतगढ़ बस स्टैंड से दबोच लिया। टीआई जसवंतसिंह के मुताबिक, पम्मा कोई सीधा-साधा ‘इंसाफ पसंद’ नागरिक नहीं, बल्कि एक आदतन अपराधी है, जिस पर चोरी और मारपीट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल उसे जीआरपी के हवाले कर दिया गया है।
20/03/2026….9425172417



