बरात हत्याकांड: दूल्हे का दोस्त गिरफ्तार सोनी परिवार ने सिक्योरिटी कंपनी के गार्ड्स को पैसे देकर कराए थे दर्जनों हवाई फायर
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब तालाब में हथियार की तलाश

सागर। शहर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात हुई किशोर की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रशांत पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। वह दूल्हे का दोस्त बताया जाता है। पुलिस ने प्रशांत की पहचान ड्रोन व सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से की है। इधर पुलिस की जांच में एक चौंकाने वाली जानकारी ये सामने आई है कि शादी समारोह के दौरान सुरक्षा नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गई थीं। एक ओर बरात में उक्त आरोपी ने गोली चलाई वहीं दूसरी ओर घरातियों ने ‘आकाश अमन सिक्योरिटी’ कंपनी के गार्ड्स को मोटी रकम देकर दर्जनों हवाई फायर भी कराए गए थे।
तालाब में चुंबक से हथियार की खोज
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने मुख्य आरोपी प्रशांत पटेल की गिरफ्तारी की पुष्टि की है, लेकिन हत्या में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा अभी तक बरामद नहीं हो सका है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वारदात के बाद उसने हथियार सूबेदार वार्ड स्थित दुबे तालाब में फेंक दिया था। शुक्रवार शाम और शनिवार दोपहर को मोतीनगर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने तालाब में गहन तलाशी ली। तालाब ज्यादा गहरा न होने के कारण खोजी दल 2-2 किलो वजनी चुंबक को डोरी में बांधकर पानी में जगह-जगह घुमाकर कट्टे की तलाश कर रहा है।आरोपी को यह हथियार और कारतूस उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली है।

सिक्योरिटी कंपनी पर गिरेगी गाज !
जांच में यह तथ्य भी उजागर हुआ है कि सोनी परिवार की इस शादी के आयोजकों ने ‘आकाश अमन सिक्योरिटी’ नाम की कंपनी से चार गार्ड्स हायर किए थे। इन गार्ड्स को 10-10 हजार रुपये का भुगतान कर 6-6 कारतूस दिए गए थे, जो अलग-अलग रस्मों के दौरान हवाई फायर कर रहे थे। थाना प्रभारी के राजपूत के अनुसार, विवेचना के बाद उक्त सिक्योरिटी कंपनी का लाइसेंस निरस्त कराने के संबंध में उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैण्ड बजाने वाले युवक की हुई थी मौत
यह पूरी घटना गुरुवार रात की है, जब गोला कुआं निवासी प्रशांत पटेल का बारात में बैंड बजाने को लेकर 15 वर्षीय किशोर विवेक बंसल से विवाद हो गया था। बहस इतनी बढ़ी कि प्रशांत ने विवेक को गोली मार दी। मृतक विवेक बंसल, जो कैंट थाना क्षेत्र की झुग्गी-झोपड़ी का निवासी था, सोनी परिवार की बारात में बैंड पार्टी के सदस्य के रूप में आया था। गोली लगने के बाद विवेक को तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने प्रशांत पटेल व अन्य के खिलाफ हत्या और अजा-जजा (SC/ST) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों और बैंड पार्टी के सदस्यों ने सड़क पर चक्काजाम कर न्याय की मांग की थी।
9425172417



