अपराध और अपराधी
Trending

देवरी में ‘खाकी’ की नाक के नीचे सज रहा ‘मिनी कैसीनो’ 

चीमाढाना रोड के जुआ फड़ पर लग रहे लाखों रुपए के दांव

 

सागर । सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र का चीमाढाना रोड पर इन दिनों ‘इंटर- डिस्ट्रिक्ट कैसीनो’ चल रहा है। रात के अंधेरे में यहां बैटरी की दूधिया रोशनी में जुआ फड़ धड़ल्ले से सज रहा है। चर्चा है कि इस पूरे गोरखधंधे की कमान पास के ही कैरी गांव का एक दबंग सरपंच संभाल रहा है, जिसके हौसले इतने बुलंद हैं कि वह सरेआम दावा करता है— “यहाँ पुलिस कुछ नहीं बिगाड़ेगी, क्योंकि ऊपर से नीचे तक सब सेट है।”

रसूखदारों का जमावड़ा और शाही इंतजाम

चीमाढाना रोड पर सजे इस फड़ पर सागर, बंडा और रहली ही नहीं, बल्कि दमोह, नरसिंहपुर और रायसेन जैसे पड़ोसी जिलों से रसूखदार जुआरी लग्जरी गाड़ियों का काफिला लेकर पहुँच रहे हैं। सूत्रों की मानें तो फड़ पर जुआरियों के ‘आमोद-प्रमोद’ का भी पूरा ख्याल रखा गया है। ताश की गड्डियों के बीच चाय-पानी, गुटखा और सिगरेट की सप्लाई निरंतर बनी रहती है, ताकि दांव लगाने वालों की एकाग्रता भंग न हो। 50-60 लोगों का यह बड़ा घेरा और हार-जीत के दांव पुलिसिया मुस्तैदी की पोल खोल रहे हैं।

 

वायरल वीडियो ने खोली पोल, पुलिस की ‘अनभिज्ञता’ पर सवाल

हाल ही में इस फड़ के कुछ चोरी-छिपे बनाए गए वीडियो क्लिप वायरल हुए हैं, जिनमें लाखों के वारे-न्यारे होते साफ देखे जा सकते हैं। सवाल यह उठता है कि जिस फड़ की जानकारी आधा दर्जन जिलों के जुआरियों को है, उसकी भनक स्थानीय देवरी पुलिस को क्यों नहीं? क्या यह पुलिस की विफलता है या वह ‘सेटिंग’ का हिस्सा, जिसका दावा खुद सरपंच कर रहा है?

एडिशनल एसपी तक पहुँचा मामला

जुआ फड़ के वीडियो साक्ष्य जब एडिशनल एसपी डॉ. संजीव उईके के संज्ञान में लाए गए, तो उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए एडि. एसपी-2 लोकेश सिन्हा को जाँच सौंप दी है। पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि वे इस मामले में मैदानी अमले से रिपोर्ट लेंगे और किसी भी हाल में जुआ संचालित नहीं होने देंगे।

06/02/2026

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!