अपराध और अपराधी
Trending

रहस्यमय मौत और तकरार! पूर्व पार्षद नईम खान की संदिग्ध मृत्यु के बाद दूसरी पत्नी ने की ताला तोड़ने की कोशिश

सागर। शनीचरी वार्ड के पूर्व भाजपाई पार्षद अब्दुल नईम खान (67) की गुरुवार सुबह 5 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नईम खान को अचेत अवस्था में उनके परिजन बीएमसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम कराया गया है, लेकिन इस मौत के बाद जो घटनाक्रम सामने आया है, उसने पूरे मामले को एक क्राइम स्टोरी का रूप दे दिया है।

 ताला तोड़ने की कोशिश और पुलिस हस्तक्षेप

​नईम खान की मौत की खबर मिलते ही, उनकी नव विवाहिता दूसरी पत्नी रेहाना (22-23 वर्ष) ने उस घर का ताला तोड़ने की कोशिश की जहाँ से नईम को अस्पताल ले जाया गया था। परिचितों और परिजनों ने तुरंत गोपालगंज पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और रेहाना को अपने साथ थाने ले गई। यह कदम इस पूरे मामले को और भी रहस्यमय बना देता है।

पिता सगीर ने मौत को बताया संदेहास्पद

​मामले में सबसे गंभीर मोड़ तब आया जब नईम खान के वयोवृद्ध पिता अब्दुल सगीर खान ने गोपालगंज थाने में एक शिकायती आवेदन दिया। उन्होंने अपने बेटे की मौत में दूसरी पत्नी रेहाना की भूमिका को संदिग्ध बताया है। ​नईम के पिता ने पुलिस से मांग की है कि, मामले की बारीकी से जांच की जाए।घटनास्थल (नईम का वर्तमान रहवास) को तुरंत सील किया जाए।

 तकरार भरा रहा था  दूसरा विवाह

​नईम खान का निजी जीवन हाल ही में विवादों में रहा था। चंद महीने पहले ही उन्होंने सदर क्षेत्र की कजलीवन मैदान टपरिया निवासी युवती रेहाना से विवाह किया था। इस विवाह से पहले, रेहाना ने नईम के खिलाफ मारपीट और शादी के लिए दबाव बनाने की शिकायत महिला थाने में दर्ज कराई थी। इस विवाद के चलते ही भारतीय जनता पार्टी ने नईम खान को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। ​विवाह के बाद भी दोनों के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ था, और गोपालगंज थाने में उनके बीच हुए विवादों को लेकर एफआईआर (FIR) भी दर्ज हुई थी।

 क्या जन्मदिन को लेकर हुआ था विवाद?

​चर्चा है कि आज, गुरुवार को, नईम खान की पहली पत्नी का जन्मदिन था और वह इसी सिलसिले में भोपाल जाने की तैयारी में थे। आशंका है कि इसी बात को लेकर नईम और रेहाना के बीच अल सुबह गंभीर विवाद हुआ होगा। सूत्रों के अनुसार, रेहाना ने ही अल सुबह नईम को अचेत अवस्था में देखा और भोपाल में रह रही उनकी पुत्री को इसकी सूचना दी। इसके बाद एम्बुलेंस को बुलाया गया और परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहाँ उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। ​रेहाना इस पूरे घटनाक्रम पर फिलहाल कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और नईम के पिता के आरोपों के आधार पर इस संदिग्ध मौत की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!