परसोरिया बस स्टैंड पर हाई वोल्टेज ड्रामा: खून से लथपथ शराबी ने कलेक्टर की गाड़ी को रोका
शराबी ने पहले मंत्री राजपूत की गाड़ी को भी की थी रोकने की कोशिश

sagarvani.com9425171714
सागर। जिले की कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो शराबियों ने बुधवार को जमकर उत्पात किया। मामला शहर के करीबी कस्बाई गांव परसोरिया का है। जहां दो शराबियों ने पहले केबिनेट मंत्री गोविंदसिंह राजपूत की गाड़ी को रोकने की कोशिश की। इसके बाद उन्होंने कॉरकेड में पीछे आ रही कलेक्टर संदीप जीआर की कार को रोक लिया। इनमें से एक शराबी, कलेक्टर की कार के आगे बार-बार लेटता रहा। नतीजतन कलेक्टर संदीप मय वाहन व अधीनस्थ अफसर-कर्मचारियों के इस हाईवोल्टेज ड्रामा में करीब 15-20 मिनट फंसे रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इनमें से एक शराबी खून से लथपथ था। उसने खुद ही अपने सिर में ब्लेड से वार किए थे। ये दोनों ही शराबी, कलेक्टर से न्याय की मांग कर रहे थे। हालांकि वे इतनी गाली-गलौज कर रहे थे, जिससे यह समझ ही नहीं आ रहा था कि वह वास्तव में किस के खिलाफ क्या कार्रवाई चाहते हैं। यह पूरा घटनाक्रम दोपहर करीब 3.30 बजे से 4 बजे के बीच का है।
गोवर्धन पूजा कर लौट रहे थे मंत्री और कलेक्टर
राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रदेश भर में गोवर्धन पूजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंदसिंह राजपूत और कलेक्टर संदीप जीआर, नरयावली विस क्षेत्र के पड़रई गांव स्थित गो-शाला में गोवर्धन पूजा करने गए थे। तभी लौटते समय यह दोनों शराबी एक के बाद एक मंत्री व कलेक्टर के वाहनों के सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंत्री राजपूत के सुरक्षाकर्मियों ने तो तुरंत ही इन दोनों को वाहन से दूर करते हुए पुलिस में रिपोर्ट कराने कहा। इसके बाद वे रवाना हो गए। मंत्री के वाहन के ठीक पीछे कलेक्टर संदीप जीआर की कार आ रही थी। शराबी उनकी कार के आगे भी आ गए। कलेक्टर ने उनकी बात सुनी और कहा कि पुलिस को बुला रहे हैं। बताया जाता है कि समीपस्थ थाना सानौधा से कोई अमला समय रहते नहीं आया। जिसके चलते ये दोनों कलेक्टर के वाहन के आगे लेट-लेटकर ड्रामा करन लगे। वे कतिपय लोगों को गालियां देने के साथ-साथ पुलिस को भी बुलाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान कलेक्टर का सुरक्षाकर्मी इन दोनों को कार के सामने से हटाने की जद्दोजहद करता रहा। जब काफी देर तक बात नहीं बनी तो कलेक्टर संदीप जीआर उन्हें एकतरफ छोड़ सागर-जबलपुर हाईवे पर लगे जाम को बहाल कराने में जुट गए। कलेक्टर के वाहन के पीछे एसडीएम और तहसीलदार के वाहन भी रुके रहे। बताया जा रहा है। सानौधा थाने से करीब 20 मिनट बाद 112वाहन आया । जिसमें इन दोनों को बैठाकर रवाना किया गया। इसके बाद कलेक्टर भी शहर की तरफ रवाना हो गए।
गांव में पिटाई के बाद पुलिस कार्रवाई की मांग कर रहे थे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह दोनों शराबी बंडा विस क्षेत्र के बमूरा पिपरिया गांव के थे। वे किसी काम से या रिश्तेदारी में परसोरिया आए थे। जहां उनका अज्ञात लोगों से विवाद हो गया। यहां इन दोनों की पिटाई हो गई। दोनों ने पुलिस को सूचना दी लेकिन कोई नहीं आया। नतीजतन ये लोग मुख्य मार्ग पर आ गए और वाहनों को रोक-रोककर पुलिस बुलाने की मांग करने लगे। इस दौरान इनमें से एक शराबी ने खुद पर ब्लेड सरीखी किसी धारदार वस्तु से वार भी कर लिए थे। इस मामले में सानौधा थाना प्रभारी से संपर्क कर मामले की वास्तविकता जानना चाही लेकिन उनका मोबाइल नंबर आउट ऑफ रीच एरिया बताता रहा। 
22/10/25



