जल,जंगल और जानवर

गिद्ध: पहले दिन की गिनती में मिले 1119, रिजर्व में सबसे ज्यादा 743

sagarvani.com9425172417

सागर। प्रकृति के सफाईकर्मी का दर्जा प्राप्त गिद्धों की तीन दिवसीय गिनती शुरु हो गई है। सोमवार को पहले दिन दमोह, सागर और नरसिंहपुर तक फैले वीरांगना दुर्गावती टाईगर रिजर्व समेत उत्तर, दक्षिण वन मंडल और दमोह में अलग-अलग दलों ने पेड़, टीले, चट़्टान पर बैठे गिद्धों को गिना। पहले दिन की गिनती में आंकड़े काफी सुखद दिखे। रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. एए अंसारी ने बताया कि पहले दिन 1119 गिद्ध देखे गए। सबसे ज्यादा 743 गिद्ध रिजर्व एरिया में मिले। इसके अलावा उत्तर वनमंडल में 207, दक्षिण वनमंडल में 93और दमोह में 76 गिद्ध दिखे। डॉ. अंसारी ने बताया यह गणना अगले दो दिन और चलेगी। इन तीन दिन में जिस दिन सबसे बड़ा आंकड़ा होगा। उसे इस क्षेत्र में गिद्धों की मौजूदगी संख्या मान लिया जाएगा। इससे पहले डॉ. अंसारी ने बताया कि गणना में करीब 200 लोग शामिल हुए। इनमें वन्यकर्मियों के अलावा दो पक्षी प्रेमी भी थे। सुबह 6.30 बजे से 8 बजे के बीच 43 स्थानों पर गणना अभियान शुरु हुआ। कुछेक जगह ऐसी भी थी, जहां यह पक्षी नहीं दिखे। राहतगढ़, रहली समेत दमोह के शहरी क्षेत्र में भी यह गिनती की गई। डॉ. अंसारी ने बताया कि इस गणना में केवल बैठे हुए गिद्धों को गिना जाता है। आसमान में उड़ते गिद्धों को इस गिनती में शामिल नहीं किया जाता, क्योंकि इससे आंकड़े गड़बड़ाने का संशय पैदा होता है। गणना में इन पक्षियों के अलावा उनके घोंसले भी गिने जाते हैं। डिप्टी डायरेक्टर के अनुसार गणना में हिमालयन जोन से आने वाले प्रवासी समेत 7 प्रजातियों के गिद्ध देखे गए हैं। अप्रैल में प्रवासी गिद्धों की वापसी के बाद एक बार फिर गणना होगी। गणना के लिए वन अमले ने दूरबीन, कैमरे और मोबाइल सेट का भी इस्तेमाल किया। बीते जनवरी में गणना में शामिल होने वाले स्टाफ का प्रशिक्षण कराया गया था। बता दें कि पूर्व में गिद्धों की गिनती दो साल में एक बार की जाती थी। लेकिन इस वर्ष से यह गिनती हर साल की जाएगी। यह निर्णय गिद्धों की संख्या की वृद्धि पर सटीकता से निगरानी के चलते लिया गया है। 

17/02/2025

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!