कोयला चोरी के संदेहियों ने RPF के एसआई- सिपाही को पीटा, बाइक फूंकी
आरपीएफ के दो एसआई और दो आरक्षक घायल, बंसल होस्पिटल में भर्ती

sagarvani.com9425172417

सागर। मुख्य रेलवे स्टेशन परिसर के पास रविवार की दोपहर आरपीएफ के दो एसआई और दो आरक्षक कोयला चोरों को कोयला चोरी करने से रोकने गए थे। इसी दौरान चोरों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चारों आरपीएफ कर्मियों से मारपीट कर दी। इतना ही नहीं मारपीट के बाद आरपीएफ के जवान की एक बाइक को भी आग लगा दी।
मारपीट में दो एसआई गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें मकरोनिया स्थित बंसल होस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। आरपीएफ के घायल एसआई की रिपोर्ट पर कैन्ट थाना पुलिस ने चार नामजद और 6-7 अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि आरपीएफ एसआई दीपचंद सिंह पिता करण सिंह और एसआई बदन सिंह पिता रामधन मीना ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। जिसमें उन्होंने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली मालगाड़ियों से मुक्कू उर्फ मुकेश पिता बंसत सौर निवासी स्टेशन टपरिया कोयला चोरी कर ले जा रहा है। सूचना मिलने पर हम दो आरक्षकों के साथ उसे पकड़ने गया।
जो रेलवे अस्पताल रोड पर कोयला के साथ मिल गया। जैसे ही हमने उसे पकड़ा तो स्टेशन टपरिया में रहने वाली बिट्टी उर्फ रेशमा पिता शराफत खान, कंची उर्फ कंचन पति मुक्कू उर्फ मुकेश सौर, सेवक निवासी राजीव गांधी पार्क के साथ कुछ लोग आए और पथराव कर दिया और मुक्कू उर्फ मुकेश को लेकर चले गए। जब हमने मदद लेने के लिए आरक्षकों को भेजा। इसी दौरान वह फिर वापस आए और हमारा रास्ता रोककर हम दोनों के साथ मारपीट कर दी।
साथ ही हमारी बाइक भी जला दी। जिससे बाइक जल कर खाक हो गई। मारपीट में हमें सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं है। इधर आरोपियो को खोजने गई कैंट पुलिस को एक भी आरोपी हाथ नहीं लगा है।
19/01/2025



