चर्चितशख्सियतसियासत

दिवाली के बहाने शहर में भूपेंद्रसिंह की धमक और विधायक जैन की चुप्पी

नरयावली नाका वार्ड में दीपावली मिलन समारोह में पहुंचे पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह   

sagarvani.com9425172417

सागर। नगर निगम सागर के चुनिंदा पार्षद अपने- अपने वार्ड में दीवाली मिलन समारोह कर रहे हैं। जिनमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री और वरिष्ठ विधायक (खुरई विसक्षेत्र) भूपेंद्र सिंह शिरकत कर रहे हैं। कल रविवार को नरयावली नाका वार्ड से इन आयोजनों की शुरुआत हो गई है। आज बाघराज वार्ड में कार्यक्रम है। एकादशी तक इसी तरह के और भी आयोजन पाइपलाइन में हैं। सरसरी तौर पर देखने पर ये सामान्य से आयोजन हैं। लेकिन बारीकी से देखें तो माजरा  समझ आएगा। चर्चा है कि पूर्व मंत्री सिंह, स्थानीय वरिष्ठ विधायक शैलेंद्र जैन से खासे खफा चल रहे हैं। इस बारे में वह डंके की चोट पर विधायक जैन के खास सिपह-सालारों को बोल भी चुके हैं। बताया जा रहा है कि सिंह की ये नाराजगी, जैन के द्वारा खुरई विस क्षेत्र के एक मामला विशेष में दखल देने के कारण उपजी है। जिसमें विधायक जैन के संग खुरई से पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा भी शामिल थे। पॉलिटिकली जूनियरों द्वारा अपनी इस राजनीतिक घेराबंदी के बाद सिंह खुलकर मैदान में आ गए हैं। उन्होंने सबसे पहले विधायक जैन को टारगेट पर लेकर दिवाली के बहाने शहर के वार्ड- मुहल्लों में चहल-कदमी शुरु कर दी है। इन कार्यक्रमों में शहर के वरिष्ठ नागरिक व भाजपाइयों को बुलाया जा रहा है। ताकि मैसेज दिया जा सके कि हम जहां खड़े होंगे। लाइन वहीं से शुरु हो जाएगी। इधर सागर विस क्षेत्र में हो रहे इन आयोजनों में विधायक जैन को अधिकारिक रूप से आमंत्रित भी नहीं किया गया है। पहले दिन के आयोजन की तो यही रपट है। वहीं विधायक जैन और उनका खेमा इस मामले में चुप्पी साध वेट एंड वाच के फार्मूले पर चल रहा है।

राष्ट्र के सशक्तिकरण का श्रेय कार्यकर्ताओं को

रविवार के आयोजन में  पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि राष्ट्र के सशक्तिकरण का यश और गौरव का श्रेय आप सभी वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्षों को जाता है। उन्होंने कहा कि 500 वर्षों के त्याग और बलिदान के पश्चात आज एक विराट स्वरूप और भारत के गौरव के रूप में निर्मित भव्य राममंदिर में हमारे आराध्य रामलला विराजमान हैं। प्रभु श्री राम के मंदिर निर्माण के पश्चात यह पहली दीपावली विशेष है। उन्होंने कहा कि पावन त्यौहारों की निरंतरता हमारे धर्म और संस्कृति की विशेषता है। जीवन की हर सफलता का सूत्र हमारे सनातन धर्म में है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया आज दीपावली का त्यौहार मना रही है। हमारे धर्म और संस्कृति की वैश्विक शक्ति यह है कि अमेरिका के राष्ट्रपति भी व्हाइट हाऊस में दीपावली मनाते हैं। ये हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल और दूरंदेशी नेतृत्व का नतीजा है।  उन्होंने कहा कि मुगल और अंग्रेज आए और गए पर हमारे धर्म संस्कृति के कारण हमारा राष्ट्र आज भी संगठित और सशक्त है।

सागर के विकास के लिए समर्पित राजनीतिक संत हैं भूपेंद्रसिंह

मिलन समारोह को सम्बोधित करते हुए महापौर प्रतिनिधि डा सुशील तिवारी ने कहा कि भूपेंद्र जी राजनीति के ऐसे संत हैं जिनसे कार्यकर्ताओं को पार्टी, नगर, क्षेत्र और प्रदेश के लिए निरंतर कार्य करते रहने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि उन्होंने नगरीय विकास मंत्री रहते हुए सैकड़ों करोड़ के विकास कार्यों से सागर शहर और नरयावली नाका वार्ड की रंगत बदल दी। नगर में चमचमाती सड़कें, एलिवेटेड कारीडोर, झील का सौंदर्य, आडिटोरियम, स्टेडियम और आधुनिक खेल परिसर, इसके सामने नगर निगम का नवनिर्मित भवन से लेकर इस वार्ड की बावड़ी का जीर्णोद्धार जैसे काम देख कर लगता है कि भूपेन्द्र जी ने कार्यकर्ता गढ़े और शहर भी गढ़ा। उनके एतिहासिक रक्तदान शिविरों को भी डा. तिवारी ने याद किया।

कार्यक्रम को पूर्व सांसद डा राजबहादुर सिंह,  वार्ड के पूर्व पार्षद डा राकेश शर्मा, अवधेश बिलैया और समारोह के आयोजक पार्षद प्रतिनिधि सोमेश जड़िया ने भी संबोधित किया। सोमेश जड़िया ने अपने भावुक कर देने वाले उद्बोधन में कहा कि वार्ड के लिए जो भी किया गया उसके पीछे पूर्व मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह जी का योगदान रहा है। संचालन लक्ष्मण सिंह लोधी ने किया। कार्यक्रम में महापौर संगीता विद्या प्रसारिणी सभा के उपाध्यक्ष अनिरूद्ध पिंपलापुरे, एमआईसी सदस्य व पार्षदगण विनोद तिवारी, नरेश यादव, श्रीमती कंचन सोमेश जड़िया, राजकुमार पटेल, याकृति जड़िया, सूरज घोषी, संजय दुबे , प्रहलाद पटेल, रामू ठेकेदार, डब्बू साहू, शैलेेष केशरवानी, डॉ. राकेश शर्मा, मनोज तिवारी, ओमप्रकाश रूसिया, सुभाष कंड्या, रमाकांत माहेश्वरी, रामसेवक तिवारी, कमल बरसैया, कन्हैया लाल जड़िया, शशांक शर्मा श्याम नेमा, अनुराग प्यासी , भरत नेमा, भानू पालीवाल, पं.माधव कटारे, रिशांक तिवारी, सूर्यांश तिवारी, नवीन भट्ट, शिंथिल पड़ेले, विकास पिंपलापुरे, अमन चौरसिया, अतुल नेमा, रीतेश विश्वकर्मा, संतोष दुबे, शरद सेन उपस्थित रहे।

 

04/11/2024

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!