खबरों की खबर

जिला बार एसोसिएशन: आय-व्यय का हिसाब दिए बिना हो रहे चुनाव

अधिवक्ताओं के सवालों के बीच नामांकन का आखिरी दिन आज

सागर। जिला अधिवक्ता संघ ( डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन) के आगामी चुनाव को लेकर कचहरी परिसर में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एक तरफ जहां नई कार्यकारिणी के गठन के लिए प्रत्याशी चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ एड. जितेंद्र सिंह की अध्यक्षता वाली निवर्तमान कार्यकारिणी की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। संघ की स्थापित परंपराओं, वित्तीय शुचिता और लोकतांत्रिक मूल्यों को दरकिनार कर सीधे चुनाव कराने के फैसले से वरिष्ठ अधिवक्ताओं और संघ के सदस्यों में असंतोष देखा जा रहा है।
वरिष्ठ वकीलों का स्पष्ट कहना है कि बार एसोसिएशन की सुदीर्घ परंपरा रही है कि कार्यकाल समाप्त होते ही निवर्तमान कार्यकारिणी सबसे पहले अपनी पूरी अवधि का आय-व्यय का लेखा-जोखा और ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करती है। इसके बाद संघ की साधारण सभा की बैठक बुलाई जाती है, जिसमें अधिवक्ताओं को कार्यकारिणी के कामकाज की समीक्षा करने, अधूरे पड़े कार्यों पर सवाल पूछने और जवाबदेही तय करने का पूरा अधिकार होता है। इस पारदर्शी प्रक्रिया के संपन्न होने के बाद ही अंतिम मतदाता सूची चुनाव अधिकारी को सौंपी जाती है और चुनाव प्रक्रिया का आधिकारिक आगाज होता है।
हालांकि, वर्तमान में निवर्तमान कार्यकारिणी ने न तो ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक की और न ही साधारण सभा बुलाने की जहमत उठाई। अधिवक्ताओं का आरोप है कि कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी कार्यकारिणी को अतिरिक्त 6 महीने का लंबा समय मिला था। यदि पदाधिकारी चाहते तो आसानी से पारदर्शी तरीके से हिसाब-किताब देकर साधारण सभा आयोजित कर सकते थे, लेकिन ज्ञात-अज्ञात कारणों के चलते इस पूरे प्रक्रियात्मक नियम को दरकिनार कर सीधे चुनाव की घोषणा कर दी गई। इस बीच मंगलवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है। उप निर्वाचन अधिकारी एड. महेश नेमा के अनुसार, मंगलवार को सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जा सकेंगे। चुनाव में अब महज 10 दिन का समय शेष है। अध्यक्ष पद के लिए अब तक चार प्रमुख नाम सामने आ चुके हैं, जिनमें एड. अंकलेश्वर दुबे, संजय द्विवेदी, रामदास राज और केके राय के नाम शामिल हैं।चुनावी सरगर्मियों के तहत सोमवार को भी गहमागहमी का माहौल रहा, जहाँ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव और सह-कोषाध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के लिए 30 से अधिक नामांकन फॉर्म खरीदे गए। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मंगलवार शाम को नामांकन प्रक्रिया समाप्त होते ही प्राप्त फॉर्मों की स्क्रूटिनी का काम शुरू कर दिया जाएगा।

9425172417..10/08/2026

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!