कटरबाज गैंग सरगना मनु सोनी की बहन ड्रग्स तस्करी के आरोप में गिरफ्तार

सागर। शहर की पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एमडी ड्रग्स के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। थाना मोतीनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16.45 ग्राम एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) के साथ एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है, जबकि इस रैकेट का मुख्य सूत्रधार फरार है। इस मामले में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ है कि गिरफ्तार की गई युवती शैलजा सोनी शहर की एक कटरबाज गैंग के सरगना मनु सोनी की सगी बहन है। मनु सोनी हाल ही में सागर में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का मुख्य आरोपी है और फिलहाल फरार चल रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी रॉबिन पांडेय, मनु सोनी के इशारे पर ही ड्रग्स की डिलीवरी लेने के लिए उसके घर गया था।
घटनाक्रम के अनुसार, 5 जून को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोपाल रोड स्थित नए बस स्टैंड के पास एक युवक एमडी ड्रग्स बेचने की फिराक में खड़ा है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तिरूपतिपुरम निवासी 30 वर्षीय सौरभ उर्फ रॉबिन पांडेय को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 13.61 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 60,000 रु. आंकी गई है। पुलिस ने रॉबिन के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जब सख्ती से पूछताछ की, तो उसने ड्रग्स के इस रैकेट का सच उगल दिया। रॉबिन की निशानदेही पर पुलिस ने तत्काल मनु सोनी के घर पर दबिश दी, जहाँ से पुलिस को कुछ और मात्रा में ड्रग्स मिली। इसके बाद पुलिस ने मनु की बहन शैलबाला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 15,000 रु.कीमत की 2.84 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की।
इस पूरे मामले में पुलिस ने अब तक कुल 16.45 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 75,000 रु. है। ड्रग्स सप्लाई चैन में नाम सामने आने के बाद मोतीनगर पुलिस ने फरार हत्यारोपी मनु सोनी को भी इस एनडीपीएस एक्ट के मामले में सह-आरोपी बनाया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क, सप्लाई चैन और खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य सफेदपोशों की कड़ियों को खंगाल रही है, जिससे आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि मुख्य आरोपी मनु सोनी पिछले दिनों एक युवक की गोली मार कर हुई हत्या के मामले में आरोपी है और फरार है। इस दौरान भी उसकी दुस्साहस कम नहीं हुआ है, वह सोशल मीडिया पर एक्टिव है। जहां से वह न सिर्फ अपनी दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है, बल्कि खुलेआम एक और युवक को हत्या की धमकी भी देकर पुलिस को चुनौती दे रहा है। बहरहाल एमडी ड्रग्स पकड़ने की इस प्रभावी कार्रवाई को अंजाम देने में सीएसपी ललित कश्यप, थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत राजपूत, उप निरीक्षक लोकेश पटेल, प्रधान आरक्षक दिनेश यादव, सुनील चौबे तथा आरक्षक अनुराग वैद्य, सत्येन्द्र, गुड्डू शर्मा, चंदन बिल्थरे और ब्रजेश की मुख्य भूमिका रही।
सागरवाणी…9425172417..06/06/2026
नोट: फोटो एआई जनरेटेड है।



