खबरों की खबर

वकील का अनोखा वादा ! चुनाव जीता तो बनाऊंगा क्रिकेट टीम, ऑर्केस्ट्रा में बिना भेदभाव दूंगा मंच

अध्यक्ष पद पर दिलचस्प जातीय व चुनावी गणित, आज से चुनाव प्रचार के लिए मात्र दो दिन शेष, 21 को मतदान

सागर। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव को लेकर मंगलवार को एक मंचीय कार्यक्रम के बाद प्रचार तेज हो गया। लेकिन माहौल इस बार केवल चुनावी दांव-पेंच और औपचारिक वादों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें बेबाकी, सांस्कृतिक तड़का और खेल भावना भी देखने को मिल रही है। पुस्तकालय अध्यक्ष पद के प्रत्याशी एड. महेंद्र कुमार सेन का घोषणा पत्र संघ के गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। बेबाकी से अपनी बात रखते हुए एड. सेन ने अपने प्रचार के पर्चे में लिखा है कि साथियों आपने सबको जिताया है, लेकिन पिछले तीन-चार चुनावों में प्रयास के बावजूद जीत नहीं पाया, इसलिए इस बार चौथे मौके पर मुझे भी एक सेवा का अवसर दिया जाए। 23 वर्षों की वकालत का अनुभव रखने वाले एड. सेन ने अधिवक्ताओं के लिए संघ की क्रिकेट टीम बनाने और प्रदेश व देश स्तर पर पहचान दिलाने का वादा किया है। उन्होंने ऐलान किया है कि संगीत, गायन और ऑर्केस्ट्रा में रुचि रखने वाले वकीलों को बिना किसी भेदभाव के मंच पर अपनी कला दिखाने का पूरा अवसर और सम्मान दिया जाएगा। उनके इस वादे के बाद बार रूम्स में यह चर्चा छिड़ गई है कि क्या अब तक संघ द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में कतिपय वकीलों को अपना हुनर दिखाने का समान मौका नहीं मिल पाता था ? महिला अधिवक्ताओं के लिए कैरम और शतरंज जैसी इनडोर गेम्स की व्यवस्था तथा डिजिटल लाइब्रेरी-फ्री वाई-फाई के वादों के साथ एड. सेन ने “हर किसी को नहीं मिलता यहां प्यार जिंदगी में…” पंक्तियों के साथ वकीलों से वोट की गुहार लगाई है।

अध्यक्ष पद के लिए ब्राह्मण वोटों में सेंधमारी, शोक से बिगड़ा मैनेजमेंट

अध्यक्ष पद पर इस बार मुकाबला दिलचस्प हो चला है, जहां समीकरण पल-पल बदल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक संघ में करीब 400 से अधिक ब्राह्मण मतदाता हैं। इस पद के चार दावेदारों में से दो अंकलेश्वर दुबे और संजय द्विवेदी इसी समाज से आते हैं, जिससे इस बड़े वोट बैंक के विभाजन के स्पष्ट आसार दिख रहे हैं। एड. संजय द्विवेदी राज्य अधिवक्ता परिषद जबलपुर के पूर्व अध्यक्ष एड. राजेश पांडे की सरपरस्ती में चुनावी मैदान में उतरे थे, लेकिन एड. पांडे के परिवार में शोक होने के कारण द्विवेदी का चुनावी तंत्र काफी हद तक प्रभावित हुआ है। अब चुनाव की पूरी कमान सीनियर एड. अनिल कोठारी ने संभाली है और समर्थक किसी बड़े चमत्कार की उम्मीद कर रहे हैं। चर्चा यह भी है कि द्विवेदी के पक्ष में सत्ताधारी दल के एक प्रभावशाली प्रतिनिधि ने बड़े वोट बैंक वाले वकीलों को फोन घुमाए हैं। दूसरी ओर, तीन बार लगातार अध्यक्ष रह चुके एड. अंकलेश्वर दुबे अपनी पूर्व में कराई गई तीर्थ यात्राओं और पुराने मजबूत चुनावी तंत्र पर पूरा भरोसा जता रहे हैं। वे दोपहर में बार रूम और शेड-दर-शेड अधिवक्ताओं से हाथ मिलाते दिखते हैं, तो शाम को वकीलों के चैंबर व घरों के चक्कर काट रहे हैं। वे अपने बीते कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र कर रहे हैं। अन्य प्रत्याशियों की तरह तीसरे प्रत्याशी एड. रामदास राज वर्ग विशेष के मतदाताओं और अपने पढ़ाए उन युवा वकीलों के भरोसे मैदान में पूरी ताकत झोंक रहे हैं जो अब न्यायालय में प्रैक्टिस कर रहे हैं। चौथे प्रत्याशी एड. के.के. राय भी जनसंपर्क में जुटे हैं और सोशल मीडिया पर उनके एआई (AI) निर्मित डिजिटल स्टिकर खूब वायरल हो रहे हैं।

कोषाध्यक्ष पद पर सीधा मुकाबला

सचिव पद पर मुख्य मुकाबला पूर्व अध्यक्ष एड. लखनलाल राठौर के पुत्र व पूर्व सरकारी वकील जितेंद्र (जित्तू) राठौर और अपने सौम्य व्यवहार के लिए जाने जाने वाले एड. दुष्यंत मिश्रा के बीच माना जा रहा है। हालांकि, शिरीष यादव और गोपाल तिवारी भी पूरे दम-खम के साथ चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि अन्य तीन प्रत्याशी अंतिम समय में पासा पलटने का दावा कर रहे हैं। कोषाध्यक्ष पद पर दो महिला अधिवक्ताओं (आरती जैन एवं रजनी ठाकुर) के बीच सीधा और कड़ा मुकाबला है, जहां दोनों ही अपनी-अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रही हैं।

मैदान में डटे प्रत्याशियों की  सूची

अध्यक्ष पद- अंकलेश्वर दुबे, कृष्णकान्त राय (के.के.), रामदास राज एवं संजय द्विवेदी।उपाध्यक्ष पद – काली चरण मिश्रा, माधव प्रसाद पटेल, मनीष कुमार तिवारी, नरेन्द्र कुमार सोनी, निधीश कुमार तिवारी एवं उत्कर्ष श्रीवास्तव। उपाध्यक्ष पद (महिला वर्ग)- महजबीन अली एवं रश्मि तनेजा।सचिव पद- दुष्यंत मिश्रा, गोपाल तिवारी, जितेन्द्र लखन राठौर (जित्तू), के.के. दुबे कृष्ण, नरेन्द्र पाण्डेय, पंकज (कुलभूषण) त्रिवेदी एवं शिरीष यादव।सह-सचिव पद- अरविंद नेमा, बिजेन्द्र सिंह चौहान, पंकज श्रीवास्तव एवं राजेश दुबे।सह-सचिव पद (महिला वर्ग)- ऐनी गोस्वामी, सोमलता अग्निहोत्री एवं नीलम पटेल। कोषाध्यक्ष- आरती जैन एवं रजनी ठाकुर। सह कोषाध्यक्ष पद- अरविन्द कुमार जैन, कल्याण सिंह दांगी, संदीप चौबे एवं उमाशंकर विनोदे (रज्जू)।पुस्तकालयाध्यक्ष पद- अमित मिश्रा (मिंटू), महेन्द्र कुमार सेन एवं शिवराज लड़िया।

sagarvani….9425172417

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!