कांग्रेसी प्रत्याशी गुड्डू राजा के 21 पेज के शपथ-पत्र में से 13 में केवल धन-संंपत्ति का ब्योरा
सागर लोकसभा क्षेत्र के इतिहास में गुड्डू राजा सबसे ज्यादा अमीर प्रत्याशी, कुल संपत्ति ५० करोड़ रुपए से - रेड एंड व्हाइट एसयूवी का काफिला लेेकर चलने वाले गुड्डू राजा के नाम पर एक भी गाड़ी नहीं

sagarvani com 9425172417
सागर। सागर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी चंद्रभूषणसिंह गुड्डू राजा बुंदेला ने महाअष्टमी के मुहूर्त पर अपना पहला नामांकन-पत्र जमा किया। इसके पहले वे बगैर किसी शोर-शराबे के जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर दीपक आर्य के कोर्ट में पहुंचे। यहां उन्होंने जो नामांकन पत्र जमा किया है। उसमें 21 पेज शपथ-पत्र के संलग्न है और इनमें से भी 13 पन्नों पर गुड्डू राजा व उनकी पत्नी व बिटिया की चल-अचल संपत्ति का ब्योरा है। शपथ-पत्र के अनुसार ग्रेनाइट किंग गुड्डू के परिवार के पास 50 करोड़ रुपए से अधिक की चल-अचल संपत्ति है। इस हिसाब से चंद्रभूषणसिंह गुड्डू राजा बुंदेला, सागर के संसदीय क्षेत्र के चुनाव में अब तक के सबसे अमीर प्रत्याशी बन गए हैं। उनके पहले भी कुछेक प्रत्याशी संपन्न श्रेणी में थे लेकिन उनकी चल-अचल संपत्ति दो अंकों में वाले करोड़ों रुपए में नहीं थी।
खुद के नाम पर एक भी गाड़ी नहीं, बिटिया के कर्जदार
कांग्रेेसी प्रत्याशी गुड्डू राजा के शपथ-पत्र में दो दिलचस्प जानकारियां भी हैं। जिसमें पहली ये कि गुड्डू राजा के नाम पर एक भी वाहन नहीं है। जबकि उनका काफिले में रेड एंड व्हाइट एसयूवी का काफिला शामिल रहता है। दूसरी ये कि गुड्डू राजा अपनी बिटिया के कर्जदार हैं। शपथ-पत्र में दर्शाई जानकारी के अनुसार उन्होंने अपनी पुत्री खुशी बुंदेला से 70 हजार रुपए का लोन लिया है। इसके अलावा विभिन्न वित्तीय संस्थाओं व परिचितों आदि से उन्होंने 1. 27 करोड़ रु. व पत्नी सीमा बुंदेला ने 14.78 करोड़ रुपए का कर्ज ले रखा है। गुड्डू राजा के खिलाफ कोई फौजदारी केस नहीं है। अवैध उत्खनन का एक मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में विचाराधीन है। हालांकि सेशन कोर्ट ललितपुर से वे इस प्रकरण वर्ष 2002 में बरी हो चुके हैं।
आस्ट्रेलिया से की है सेल्स और मार्केटिंग की पढ़ाई
शपथ-पत्र के अनुसार 50 वर्षीय गुड्डू राजा ने ग्वालियर से 1991 में इंटर और झांसी से 1993 में इंटर मीडिएट की परीक्षा सीबीएसई के बोर्ड के माध्यम से पास की। इसके बाद वह करीब 4 साल तक आस्ट्रेलिया में रहे। जहां के मेलबर्न शहर से गुड्डू राजा ने सेल्स, मार्केटिंंग और बिजनेस में डिप्लोमा हासिल किए। चंद्रभूषण सिंह गुड्डू राजा बुंदेला किसी जमाने में यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव के पारिवारिक मित्र रहे हैं। अखिलेश और गुड्डू ने आस्ट्रेलिया में रहकर साथ पढ़ाई की है। बाद में राजनीतिक जमीन की तलाश में गुड्डू राजा ने सपा को छोड़कर बसपा का दामन थाम लिया। वहां भी बात नहीं बनी तो वह 6 महीने पहले मप्र विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस में आ गए। गुड्डू के पिता सुजानसिंह बुंदेला, दो बार कांग्रेस के टिकट पर ललितपुर-झांसी संसदीय क्षेत्र से सांसद रहे हैं। वे पूर्व पीएम स्व. इंदिरा गांधी के काफी करीबी रहे हैं।
17/04/2024



