कांग्रेस नेता राजकुमार धनौरा सागर जेल से शिफ्ट
4 दिन पहले जेल में मारपीट का लगाया था आरोप

सागर। केंद्रीय जेल सागर में बंद कांग्रेस नेता राजकुमार धनौरा को केंद्रीय जेल भोपाल शिफ्ट कर दिया गया है।
उनके वकील अजय घई ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे धनौरा को जेल वाहन के जरिए भोपाल रवाना किया गया है। बता दें कि धनौरा ने 4 दिन पहले जेल में किसी अन्य विचाराधीन बंदी हर्ष सेन पर मारपीट का आरोप लगाया था।
उनके वकील अजय घई ने इसकी शिकायत जिला न्यायाधीश प्रथम आलोक मिश्रा के कोर्ट में की थी। दो दिन पहले श्री मिश्रा ने बंद कोर्ट में धनौरा के बयान लिए थे। जहां उन्होंने जज से खुरई जेल में शिफ्टिंग की मांग की थी। इस पर कार्रवाई करते हुए न्यायाधीश श्री मिश्रा ने डीजी जेल को पत्र लिखकर 15 दिन में कार्रवाई कर अवगत कराने कहा था। 
पॉक्सो में बंद कटरबाज ने किया था हमला
धनौरा पर हमला करने वाले की पहचान हर्ष सेन नाम के एक नवयुवक विचाराधीन बंदी के रूप में हुई है।

वह बीना का रहन वाला है और पॉक्सो के तहत दर्ज अपराध में बंद है। चूंकि सब- जेलों में पॉक्सो सरीखे अपराध के आरोपियों को बंद करने का प्रावधान नहीं है। इसलिए उसे केंद्रीय जेल सागर में बंद किया गया था। जानकारी के अनुसार हर्ष सेन कटरबाजी के आरोपों में भी संदिग्ध रहा है। वह उज्जैन की दुर्लभ कश्यप गैंग से इंस्पायर बताया जाता है।
सूत्रों का कहना है कि जेल में धनौरा वाले घटनाक्रम के बाद अज्ञात लोगों ने उसके बीना स्थित घर पर दबिश दी थी। लेकिन घर पर ताला डला मिला था।
23/11/2024



