गड़ा धन खुदवाने के फरेब में युवक ने अपना मकान ढहा लिया, अब किराए के मकान में रहने मजबूर
केटरिंग करने वाले युवक ने पिता-पुत्र पर लगाया 51 ग्राम सोना और 24 लाख रु. ठगने का आरोप

sagarvani.com9425172417
सागर। गड़े धन का लालच देकर लोगों को ठगने के आरोपी पिता-पुत्र देवीसिंह रजक और कृष्णा रजक के नए-नए कारनामे और कथित तौर पर की गई बड़ी-बड़ी ठगी सामने आ रही हैं। पिछले दिनों सिविल लाइंस थानेे में काकागंज वार्ड निवासी युवक कोरी ने एक शिकायत की। उसने इस पिता-पुत्र की जोड़ी पर 51 ग्राम सोना और करीब 24 लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाया। इतना ही नहीं उसने कहा कि, इन पिता-पुत्र की बातों में आकर मैंने अपना बना बनाया घर ढहा दिया। जिसके बाद अब मैं अपने परिवार केसाथ किराए के मकान में रहने के लिए मजबूर हूं। अमन ने बताया कि वर्ष 2021 में मेरी मुलाकात अजय रजक नाम के एक युवक से हुई।
उस समय मेरा काम-धंधा ठीक नहीं चल रहा था। यह बात मैंने अजय को बताई तो उसने कहा कि पथरिया जाट मेें रहने वाले मेरे जीजा देवीसिंह रजक से मिल लो। वह तुम्हारी मदद कर सकते हैं। जब मैं देवीसिंह से मिला तो उसने कहा कि तुम्हारे घर में धन गड़ा है। जिसमें 68 किलोग्राम सोना और चांदी, हीरे समेत अन्य जवाहरात हैं। लेकिन तुम्हें यह धन निकालने के लिए 51 ग्राम सोना गड्ढे में रखकर सवा महीने पूजा कराना होगी। मैं उसकी बातों में आ गया।

वंशहीन व्यक्ति का धन है, दो साल में झटके 24 लाख रु.
अमन ने कहा कि मैंने देवीसिंह को 51 ग्राम सोना दे दिया। इसके बाद वह बोला कि यह धन किसी वंशहीन व्यक्ति का है। जिसे पाने के लिए 50 ग्राम गो लोचन लगेगा। जिसकी कीमत 3.50 लाख रु. है। पश्चिम बंगाल से इसे लाने के लिए 20 हजार रु. आने जाने का किराया लगेगा। मैंने उसे 3.70 लाख रु. दे दिए। इसके बाद 13 अक्टूबर 2021को मेरे घर में एक गड्ढा खुदवाया। जिसमें एक पीतल का एक बड़ा बर्तन निकला। देवीसिंह बोला अभी यह बर्तन नहीं खोलूंगा। इस पर शक्तियों की सवारी है। जिसकी पूजा के लिए 5.51 लाख रुपए और लगेंगे।
मैंने यह रकम दे दी। इसके बाद वह बोला कि अभी तुम्हारे घर में दो और बर्तन हैं। जिन्हें निकालने के बाद तीनों को एक साथ खोला जाएगा। इस दौरान उसने मेरा पूरा घर गिरवा दिया। करीब साल भर के भीतर उसने अलग-अलग बार में तीन बर्तन निकाले। जिन्हें वह अपने साथ ले गया। उसका कहना था कि इन बर्तनों में बहुत सा सोना व कीमती धातुएं हैं। जिन्हें बाहर निकालने के लिए शुभ मुहूर्त का इंतजार करना होगा। इस तरह से वह मुझे दिसंबर 2023 तक मूर्ख बनाता रहा।
रुपए और सोना वापस मांगे तो धमकाकर भगाया
अमन का कहना है कि मैनें देवीसिंह रजक से कहा कि मैं समझ चुका था कि देवीसिंह व उसका बेटा मुझे ठग रहे हैं। मैंने इन लोगों से अपने पैसे वापस मांगे तो वह बोला, जाओ। जो कुछ करना हो कर लेना। तुम्हारे घर से निकले बर्तन और पैसे सब खा गए। पुलिस में शिकायत करना हो तो वह भी कर लो। मैं पैसे के दम पर वहां से भी निपट लूंगा।
इस युवक का कहना है कि हमें देवीसिंह रजक ने रोड पर खड़ा कर दिया। खुद के मकान में रहने वाले हम लोग किराए के मकान में रह रहे हैं। मेरे चार बच्चें हैं। उन्हें लेकर अब कहा जाऊं। अमन का दावा है कि, देवीसिंह को दी गई रकम व अन्य सामग्री के संबंध में बैंक डिटेल से लेकर फोटो-वीडियो हैं।
18/11/2024



