भई… जजों की भी यूनियन होती है और वे लोग भी चुनाव लड़ते हैं, जानिए कौन हैं प्रदेश भर के जजों के नए अध्यक्ष
न्यायाधीश संघ के चुनाव में छतरपुर के रविन्दर सिंह अध्यक्ष,भोपाल के न्यायाधीश अतुल सक्सेना सचिव निर्वाचित


sagarvani.com I 9425172417
सागर। साधारणतः ज्युडिशियरी को सर्वशक्ति संपन्न मान लिया जाता है। लेकिन जब उनके सेवा संबंधी हित, सुविधा, निर्णय आदि की बारी आती है तो बहुत कुछ मामलों में उनकी स्थिति भी एक साधारण कर्मचारी- अधिकारी सी होती है। जैसे आवास, सुरक्षा, वेतन विसंगति, इंक्रीमेण्ट, एरियर्स, कार्य विभाजन या वकील- पुलिस संबंधी से न्यायालयीन समन्वय आदि। तब इन न्यायिक अधिकारियों को भी अपनी बात रखने के संगठन या समूह की आवश्यकता पड़ती है। इसी जरूरत के तहत मप्र की न्यायिक बिरादरी में बीते कई दशक से जजों के इकलौते यूनियन मप्र न्यायाधीश संघ के द्विवर्षीय चुनाव होते आ रहे है। हाल ही में ये चुनाव ऑनलाइन हुए हैं। जिसके परिणाम अनुसार छतरपुर की जिला अदालत में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर पदस्थ रविन्दर सिंह को अध्यक्ष और भोपाल की जिला अदालत में जिला न्यायाधीश के पद पर पदस्थ अतुल सक्सेना को इस चुनाव में सचिव के पद पर निर्वाचित घोषित किया गया है। बता दें कि अब तक अध्यक्ष के पद पर इंदौर में पदस्थ प्रधान न्यायाधीश एसके जैन काबिज थे। वे करीब 5 वर्ष पहले तक सागर में जिला उपभोक्ता विवाद एवं प्रतितोषण फोरम के अध्यक्ष रहे हैं।
उपाध्यक्ष बने न्यायाधीश कुशवाह, शर्मा और देवलिया
उपाध्यक्ष के पद पर इंदौर के जिला न्यायाधीश जितेन्द्र सिंह कुशवाह, नरसिंहपुर के जिला न्यायाधीश नवीन शर्मा और राजगढ़ के जिला न्यायाधीश राजेश देवलिया को चुना गया है। सहसचिव के पद पर हटा जिला दमोह की जिला न्यायाधीश श्रीमती अर्चना सिंह और छतरपुर के जिला न्यायाधीश नरेश मेहरबान सिंह मीना एवं कोषाध्यक्ष पद पर इंदौर की जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती सुरेखा मिश्रा को निर्वाचित घोषित किया गया है।
ये न्यायाधीश बने प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य
कार्यकारिणी सदस्य के पद पर भोपाल जिला अदालत में पदस्थ जिला न्यायाधीश अरविंद शर्मा, विदिशा कुटुंम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश आशुतोष मिश्र, गुना के प्रधान जिला न्यायाधीश वीरेन्द्र सिंह राजपूत,भिंड के जिला न्यायाधीश राजीव कुमार अयाची, रीवा के प्रधानन्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय शिवकांत, दतिया के न्यायाधीश उत्सव चतुर्वेदी, कटनी के न्यायाधीश अमित रंजन समधिया, नागौद सतना के न्यायाधीश सचिन शर्मा, रायसेन के जिला न्यायाधीश सचिन जैन, अलीराजपुर के जिला न्यायाधीश अशोक भारद्वाज, देपालपुर इंदौर के जिला न्यायाधीश हिदायत उल्लाह खान,अर्चना सिंह रघुवंशी को निर्वाचित घोषित किया गया है।
27/08/2024



