श्री बागेश्वर धाम के कथास्थल पर मौत बनकर लटक रहे थे पंखे
निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर ने तत्काल पंखे हटवाए,व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश

आयोजक, पुलिस-प्रशासन को कितना गंभीरता से ले रहे हैं। मंगलवार को इसकी भी बानगी देखने को मिली। जानकारी के अनुसार कलेक्टर आर्य, ननि कमिश्नर चंद्रशेखर शुक्ला, प्रभारी एसपी ज्योतिसिंह, एडिशनल एसपी विक्रमसिंह कुशवाहा, अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, एसडीएम विजय डेहरिया आदि 26और 27 अप्रैल को दिव्य दरबार के संबंध में उस स्थान पर पहुंच गए। जहां पं. धीरेंद्र शास्त्री विश्राम कर रहे हैं। आयोजकों को लगा कि कहीं प्रशासनिक अधिकारी आयोजन की कमियां महाराजजी को नहीं बता दें। इससे बचने के लिए आयोजकों ने अधिकारियों के दल से कहा आप लोग कहीं और जाएं। यहां भीड़ लगाने से महाराजजी को डिस्टरबेंस होता है। बताया जा रहा है कि कथा वाचक शास्त्री जी भी आयोजन के संबंध में समिति से जल्द ही श्रद्वालुओं की सुरक्षा – सुविधा पर चर्चा कर सकते हैं।

आयोजन स्थल पर आयोजकों व पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें प्रभारी एसपी ठाकुर और अपर कलेक्टर त्रिपाठी ने आयोजकों से साफ-साफ कहा कि आप लोगों को दो-तीन बार सूचना दी गई। इसके बाद भी आयोजन स्थल पर व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गई।
सबसे पहले विद्युत व्यवस्था में जो कमियां हैं। उन्हें ठीक कराएं। भोजनशाला एक ही है। एक और बनाएं, जिससे कि भीड़ एकत्र न हो और आगन्तुक श्रध्दालु आराम से भोजन प्रसादी प्राप्त कर सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि समस्त कुंओं पर आवश्यक फेंसिंग तत्काल की जाए। पंपिंग स्टेशन जहां से टैंकर का पानी लिया जा रहा है, वहां पक्का फर्श बनाएं, जिससे कीचड़ न हो। आयोजन में उपयोग होने वाले वाहनों की सूची प्रशासन को दें। ताकि उन्हें आवाजाही में परेशानी न हो। समिति द्वारा जो पास जारी किए गए हैं, उनकी सूची एवं आयोजन समिति के सदस्यों की सूची तत्काल जिला एवं पुलिस प्रशासन को उपलब्ध कराएं। बैठक में आयोजन समिति के भूपेंद्र सिंह बहेरिया, संदीप दुबे, नारायण प्रसाद कबीरपंथी, नितिन, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश सिंह, तहसीलदार रोहित रघुवंशी, दुर्गेश तिवारी, सीएसपी मकरोनिया शेखर दुबे, सुश्री सोनम पांडे, सीएमएचओ डॉ. ममता तिमोरे, थाना प्रभार दिव्यप्रकाश त्रिपाठी, पीडब्ल्यूडी, एमपीईवी आदि विभागों के अधिकारी मौजूद थे।



