स्मार्ट मीटर पर आर-पार; व्यापारी ने जताया विरोध, तो बिजली कंपनी ने थमाया कनेक्शन काटने का नोटिस

sagarvani.com9425172417
सागर। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी अब स्मार्ट मीटर लगाने के लिए सख्ती पर उतर आई है। ताज़ा मामला गुजराती बाजार के एक प्रतिष्ठित व्यवसायी का है, जहाँ मीटर बदलने से इनकार करने पर विभाग ने सीधे कनेक्शन काटने का ‘अंतिम नोटिस’ जारी कर दिया है।
अग्रवाल फर्नीचर के संचालक रामगोपाल अग्रवाल ने बिलिंग में गड़बड़ी की शिकायतों का हवाला देते हुए पुराने मीटर को हटाने का विरोध किया।अग्रवाल ने बिजली कंपनी के अमले से कहा कि, मुझे जानकारी मिली है कि इन मीटर्स से गड़बड़ बिलिंग होती है। इसलिए मैं इन्हें नहीं लगवाना चाहता। आप मुझ पर दबाव नहीं बनाएं। जवाब में बिजली कर्मियों ने कहा कि सारे मार्केट में मीटर बदल गए हैं। व्यवसायी ने कहा कि, यह बात सही नहीं है, आप पहले सभी के मीटर बदलिए। इसके बाद मैं भी चेंज करा लूंगा। व्यवसायी का कहना है कि बिजलीकर्मियों ने इसके बाद मुझ से कहा कि ठीक है, आप के घर व दुकान में दो मीटर लगे हैं। कम से कम एक बदलवा लीजिए। मैंने पुन: इन्कार कर दिया तो वे लोग वहां से चले गए। बिजली अमले ने फिर 10 मिनट के भीतर एक लिखित नोटिस थमा दिया कि 7 दिन में कनेक्शन काट दिया जाएगा।
विभाग का कहना है कि बिजली आपूर्ति के अनुबंध के तहत वे मीटर बदलने के लिए स्वतंत्र हैं और उपभोक्ता को इसमें सहयोग करना ही होगा।
इस मामले में डिविजनल इंजीनियर इमरान खान का कहना है कि बिजली कंपनी को स्मार्ट मीटर बदलकर लगाने का अधिकार है। उपभोक्ता इसके लिए अनुबंधित है। जिस तरह से दुकानदारों को शासन द्वारा नियत मैनुअल या इलेक्ट्रॉनिक तौल-कांटा से व्यापार करने का अधिकार है। उसी तरह कंपनी भी सरकार द्वारा तयशुदा व टेस्टेड स्मार्ट मीटर्स के माध्यम से बिजली सप्लाई सकती है। फिलहाल हम लोग सिटी डिविजन के 1 लाख कनेक्शंस में से 85 प्रतिशत के मीटर बदल चुके हैं। शेष को बदलने का क्रम जारी है। उपभोक्ताओं को इस काम में सकारात्मक भाव से सहयोग करना चाहिए।
18/12/2025



