खबरों की खबरचर्चितचौपाल/चौराहाब्रेकिंग न्यूज़
Trending

सवा साल से गायब फ्रूट किंग कुकरेजा की प्रॉपर्टी पर पीएनबी के कब्जे की तैयारी

पंजाब नेशनल बैंक को कुकरेजा से वसूलना है 2.32  करोड़ रुपए, कलेक्टर कोर्ट ने वर्णी कॉलोनी स्थित प्रॉपर्टी पर बैंक के कब्जे के लिए सूचना जारी की

         sagarvani.com9425172417

सागर। सवा साल पहले शहर से मय परिवार के गायब हुए फ्रूट किंग ज्ञानचंद कुकरेजा की बेशकीमती प्रॉपर्टी का पंजाब नेशनल बैंक अधिगृहण करने की तैयारी में है। इस संबंध में बैंक के प्राधिकृत अधिकारी विनीतकुमार वर्मा की ओर से एक सूचना जारी हुई है। जिसके अनुसार उनके बैंक को मेसर्स हरिओम ट्रेडर्स प्रो. पुष्पादेवी पति ज्ञानचंद कुकरेजा से 2 करोड़ 32 लाख 78 हजार 200 रु. रिकवर करना है। चूंकि पुष्पादेवी समेत उनके परिवार का कुछ पता नहीं चल रहा है। इसलिए इस लोन की रिकवरी के लिए उनके दो व्यवसायिक निर्माण को अधिगृहीत किया जाएगा। इसी संदर्भ में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कार्यालय सागर के आदेश से यह सूचना जारी की गई है। जिसमें कहा गया है कि पटवारी हलका नंबर 65 में स्थित व्यवसायिक भूमि एवं भवन जिसका क्षेत्रफल 1086 वर्गमीटर है और इसी एरिया में एक अन्य व्यवसायिक भवन जिसका क्षेत्रफल 1650 वर्गफीट है। इसका भौतिक कब्जा बैंक ने मांगा है। इस सूचना के अनुसार इस प्रॉपर्टी से संबंधित यानी कुकरेजा परिवार को कल मंगलवार तक अपना पक्ष प्रस्तुत करना है। अगर इन लोगों की तरफ से कोई भी जवाब सबमिट नहीं होता है तो कलेक्टर कोर्ट उनके प्रतिरक्षण का अवसर समाप्त कर अग्रिम कार्रवाई करेगा। जानकारों का कहना है कि बैंक जिस प्रॉपर्टी पर कब्जा चाहता है, वह वर्णी कॉलोनी स्थित कोई मार्केट कॉम्पलेक्स और दुकानें हैं।

उधार देने वालों को अपना बकाया वसूलने की चिंता!

शहर के सबसे बड़े थोक फल व्यवसायी के रूप में पहचान रखने वाले तत्कालीन भाजपा नेता ज्ञानचंद कुकरेजा का मामला अप्रैल 2023  के आसपास चर्चा में आया था। यह नामचीन व्यापारी सूदखोर, परिचित, व्यवसायी व रिश्तेदार आदि से करोड़ों रुपए लेकर रातों-रात गायब हो गया था। इस कांड के चंद महीने पहले ही उसने चनाटोरिया स्थित औद्योगिक क्षेत्र में एक वृहद स्तर का शीतगृह व स्टोरेज भी स्थापित किया था।

“पार्क टाइटेनियम” जहां मिलेंगी मेट्रो सिटीज जैसी रेसीडेन्शियल फेसेलिटीज

इधर पीएनबी द्वारा इस प्रॉपर्टी पर कब्जे की कार्रवाई शुरु करने से उन लोगों के माथे पर बल पड़े हुए हैं। जिन्होंने इसी प्रॉपर्टी की एवज में कुकरेजा को कई-कई लाख रु. का कर्ज दिया था। हालांकि इनमें से कुछ व्यापारी व सूदखोर कुकरेजा के गायब होने की समय रहते खबर मिलने पर उसके चार पहिया वाहन खींच लाए थे। वहीं कई व्यापारियों ने उसकी वर्णी कॉलोनी स्थित फर्म से लेन-देन के दस्तावेज हासिल करने की कोशिश की थी। इसके बावजूद कई ऐसे लोग हैं। कुकरेजा से जिनको कई-कई लाख रुपए वसूलना है। चर्चाओं के अनुसार कुकरेजा, व्यवसायिक घाटा, उधारी के चलते कर्ज के दल-दल में फंस गया। अति महत्वाकांक्षापूर्ण व्यवसायिक सोच के चलते वह शहर के कुख्यात सूदखोरों के जाल में भी फंसा। जिसके चलते उसे पत्नी, बेटे-बहु और बच्चों समेत शहर से गायब होना पड़ा। सूत्रों के अनुसार, कुकरेजा इस समय दिल्ली के आसपास किसी रिश्तेदार की मदद से अपने व्यवसायिक पैर जमाने की कोशिश कर रहा है। 

22/07/2024

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!