
सागर। नगर निगम कर्मचारी-अधिकारियों की दीवाली फीकी नहीं रहेगी। उन्हें पंजाब नेशनल बैंक से कर्ज लेकर वेतन बांटा जाएगा। इस आशय की घोषणा महापौर संगीता डॉ. सुशील तिवारी की अगुवाई में हुई कर्मचारी संघों की बैठक में की गई। वेतन देने के लिए नगर निगम बैंक से 5 करोड़ रुपए का कर्ज लेगा। जिसे संपत्ति कर,जल कर,कचरा कलेक्शन समेत अन्य टैक्सों की वसूली से चुकाया जाएगा। गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा नगर निगम सागर, कर्मचारी-अधिकारियों के अलग-अलग संगठनों से एक दिन पहले महापौर को दो महीने से वेतन नहीं मिलने संबंधी शिकायती ज्ञापन दिए थे। बैठक में संघों के पदाधिकारियों के अलावा एमआईसी के सदस्य और निगमायुक्त राजकुमार खत्री भी मौजूद रहे। महापौर ने कहा कि, यह बड़ा ही संवेदनशील मामला है लेकिन इसके लिए उत्तरदायी अधिकारी-कर्मचारियों को भी अपनी जवाबदेही समझना होगी। उन्होंने फिर दोहराया कि वेतन दीवाली के पूर्व बांट दिया जाएगा। बैठक के आखिर में कर्मचारी संघों ने महापौर तिवारी व निगमायुक्त खत्री के प्रति आभार जताया।
पार्षद प्रतिनिधि बोले…. ईमानदारी से बकाया वसूलें, आयुक्त बोले…. खर्च बढ़ गए हैं
बैठक में पार्षद प्रतिनिधि नरेश यादव ने कहा कि सभी को मालूम है कि नगर निगम आर्थिक स्थिति से गुजर रहा है इस कारण आपको वेतन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है यह पूरी परिषद आपकी समस्याओं का निराकरण करने के लिए हमेशा आपके साथ हैं। पूर्व की परिषदों ने भी आपकी समस्याओं का निराकरण किया है हम लोग बकाया राशि की वसूली करने के लिए प्रयासरत है इसलिए सभी लोग बकाया वसूली को मेहनत के साथ करवाएं जो शासन स्तर की मांग है उसे शासन को भेजेंगे।
कमिश्नर राजकुमार खत्री ने कहा कि सभी कर्मचारी निगम परिवार के सदस्य हैं वेतन देना नैतिक दायित्व है। शहर का विकास हो रहा है निगम पर बिजली, स्थापना , डीजल सबसे बड़े खर्च हैं। स्मार्ट सिटी,सीवर एवं टाटा प्रोजेक्ट आने के बाद बिजली का बिल बढ़ने लगा है। उन्होंने कहा कि हम बकाया वसूली करने का प्रयास कर रहे हैं, रेलवे, नगरपालिका मकरोनिया सहित सभी बकायादारों से राशि लेने की कार्रवाई की जा रही है।
जो कर्मचारी काम नहीं कर रहे उनकी सूची दें, बकाया वसूली कराएंगे
इससे पहले आयुक्त खत्री ने कहा कि कर्मचारियों से क्या काम लेना है यह सुनिश्चित करना होगा। वसूली कर लेंगे तो ऋण नहीं लेना पड़ेगा। निगमायुक्त ने कर्मचारी संघों से कहा कि जो कर्मचारी काम नहीं कर रहे हैं उनकी सूची दे दें, जिससे उन्हें वसूली के कार्य में लगाया जा सके ।
मीडिया से चर्चा में महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि कर्मचारी संघों के प्रतिनिधियों से सौहार्द्रपूर्ण चर्चा हुई है। हम सभी नगर निगम परिवार के सदस्य हैं। दीपावली पर्व आने वाला है। सभी कर्मचारी दीपावली का त्यौहार अच्छे से मना सके इसके लिए उन्हें वेतन देने के लिए मैंने बैंक से 5 करोड़ रुपए का ऋण लेने की स्वीकृति दी है। जो बकाया वसूली की राशि आने के बाद चुकता कर दिया जाएगा। महापौर प्रतिनिधि डॉ. तिवारी ने कहा कि, कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण करना एवं उन्हें वेतन देना हमारा नैतिक दायित्व है। पूरी परिषद कर्मचारियों के साथ हैं उनकी अन्य जो समस्याएं हैं उनका भी निराकरण किया जाएगा। बैठक में एमआईसी सदस्य श्री विनोद तिवारी, शैलेंद्र ठाकुर, अनूप उर्मिल, धर्मेंद्र खटीक, राजकुमार पटेल, श्रीमती संगीता शैलेष जैन, रूपेश यादव, पार्षद प्रतिनिधि नरेश यादव, श्रीमती कंचन सोमश जड़िया, कर्मचारी संघ के प्रांतीय सचिव राजेश सिंह राजपूत, कर्मचारी कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष हरेंद्र खटीक, आनंद मंगल गुरु, मनोज चैबे, वर्षा समद, सफाई कामगार यूनियन अध्यक्ष सुदेश सनकत, महेश करोसिया, भोला करोसिया ,सुदामा मछंदर ,विजय महावत, दशरथ महावत ,दीपक ज्ञान, हेमंत सारवन सहित नगर निगम के कर्मचारी उपस्थित थे।
10/10/2025


