खबरों की खबर
Trending

कांग्रेस से भाजपा में आए रानू सिंघई का जमीन हड़प अभियान ! आदिवासी आए सामने

मालथौन के आदिवासी भूमि कांड के पीड़ित आदिवासी बोले, जमीन का सौदा कर रकम ले ली, आपत्तिकर्ता वकील को आरोपी रानू ने धमकाया ! 

सागर। तीस आदिवासी परिवारों की 91 एकड़ भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले  मालथौन के भू-माफिया रानू सिंघई के काले कारनामे उजागर होने लगे हैं। उसके शिकार कई और पीड़ित सामने आकर अपनी व्यथा सुना रहे हैं। ऐसे ही एक अनुसूचित जाति वर्ग के पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक सागर कार्यालय में अपनी शिकायत प्रस्तुत की और न्याय की मांग की। इस शिकायत में बताया गया है कि रानू सिंघई ने एक आदिवासी परिवार की शामिल खाते की 1.9 हेक्टेयर (4.69 एकड़) कृषि भूमि को अहिरवार समाज के एक व्यक्ति को बेच कर उससे 16.55 लाख रुपए का भुगतान ले लिया। बाद में आवेदक को पता चला कि आरोपी रानू सिंघई ने भू-स्वामी आदिवासी को उक्त जमीन की राशि का भुगतान ही नहीं किया।खुरई तहसील के बांगची गांव निवासी पीड़ित किसान हरजू पुत्र लालचंद अहिरवार ने जिला पुलिस अधीक्षक से शिकायत में कहा है कि मालथौन निवासी रानू सिंघई पुत्र गोकुल चंद सिघई जैन ने स्थानीय निवासी मानक आदिवासी पिता कम्मोद आदिवासी की तहसील पटवारी हल्का नंबर 118 स्थित खसरा क्र 374,388,446 की  कुल रकबा 1.9 हेक्टेयर भूमि की रजिस्ट्री आवेदक के नाम कराने की जवाबदारी ली थी। उसने इसके बदले में अलग-अलग दिनांक में भूमि का भुगतान और दलाली की रकम के रूप में 16.55 लाख राशि आवेदक हरजू से ले ली। आवेदक ने इस लेन-देन के दस्तावेजी साक्ष्य भी शिकायत के साथ सौंपे। शिकायत में आवेदक हरजू ने कहा है कि रानू सिंघई अब न ही भूमि की रजिस्ट्री करा रहा है, और न ही रकम वापस कर रहा है। उल्टे जान से मारने की धमकी दे रहा है। उल्लेखनीय है कि चार दिन पूर्व ही कलेक्टर संदीप जीआर के  निर्देश पर रानू सिंघई के कब्जे से मालथौन में 30 सौंर आदिवासी परिवारों के स्वामित्व की 91 एकड़ भूमि से जबरिया कब्जा हटवाया गया था। ये जमीन वापस आदिवासी परिवारों दी गई। रानू सिंघई पर आपराधिक मामले दर्ज किए गए।

कांग्रेस से पूर्व सीएम कमलनाथ के साथ आरोपी रानू सिंघई।

आपत्ति लगाने वाले अधिवक्ता को भी धमकाया, शिकायत हुई 

उक्त आपराधिक प्रकरण क्रमांक 223/25 धारा 420 के मामले में आरोपी रानू सिंघई को जब मालथौन न्यायालय में पुलिस ने पेश किया। तब उसके जमानत के आवेदन में फरियादी की तरफ से आपत्ति लगाने वाले स्थानीय अधिवक्ता गुरुदीप सिंह सिसौदिया पुत्र सुरेंद्र पाल सिसौदिया को धमकाने की शिकायत भी पुलिस अधीक्षक से की गई है। वकील सिसोदिया ने कहा कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए गालियां दीं और कहा कि मेरे विरुद्ध वकालत मत करो। यदि आपत्ति पेश की तो मालथौन में नहीं रह पाओगे। दोनों शिकायतों में आवेदकों ने रानू सिंघई पर दंडात्मक कार्यवाही की मांग की गई है।

19/06/2025

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!