पाकिस्तान से कारोबारी रिश्ते खत्म करने से पिस्ता- छुआरा महंगे, धनिया-मिर्च के भाव हुए कम
अन्य देशों से आने वाले सूखे मेवे व मसाले भी हुए महंगे

sagarvani.com9425172417
सागर। कश्मीर के पहलगाम में आम नागरिकों पर आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान से कारोबारी रिश्ते खत्म कर दिए हैं। जिसका असर धीरे-धीरे शहर के बाजारों में दिखने लगा है। सबसे ज्यादा फर्क सूखे मेवा की कीमतों पर पड़ा है। पहलगाम हमले के बाद इनके दामों में औसतन 15-20 प्रतिशत का उछाल आया है। बीते 10 दिन में सबसे ज्यादा दाम पिस्ता के बढ़े हैं। 22अप्रैल के पहले शहर के थोक बाजार में पिस्ता के दाम 1500 रु. प्रति किग्रा थे। जो अब बढ़कर 1750 रु. प्रति किग्रा पर पहुंच गए हैं।
बता दें कि पिस्ता अफगानिस्तान से पाकिस्तान होते हुए भारत में आता था। पाकिस्तान से कारोबार बंद करने से इस मावे के भाव बढ़ना शुरु हो गए हैं। इसके उलट कुछ किराना सामग्री के दामों में लोगों को राहत भी मिली है। उदाहरण के लिए भारत से मिर्च, धनिया और जीरे का निर्यात पाकिस्तान की तरफ होता था। चूंकि व्यापार बंद है तो भारतीय बाजारों में इन तीन मसालों के भाव के कम हुए हैं। हमले के पूर्व मिर्च का थोक भाव 140-200 रु. प्रतिकिग्रा था। जो अब घटकर 100 रु. से 170 पर आ गया है। इंडियन जीरे के भाव भी 300 रु. किलो से कम होकर 270रु. और धनिया के भाव 100-140 से घटकर 90 से 120 रु. प्रतिकिग्रा पर आ गए हैं। भावों को लेकर एक तथ्य ये भी है कि कई मावा व मसाले ऐसे हैं जो पाकिस्तान से नहीं आते हैं। मसलन बादाम अमेरिका से आती है। लेकिन अन्य सामग्रियों के भाव बढ़ते देख देश की थोक मंडियों में इसके भी दाम बढ़ गए हैं। शहर में मेवा व मसालों के थोक व्यवसायी लक्खी सेठ के अनुसार यह स्थिति तब तक रह सकती है। जब तक कि पाकिस्तान से व्यापारिक रिश्ते बहाल नहीं हो जाएं या फिर कारोबारी दूसरे देशों से ये मावा-मसाले आयात करने का विकल्प नहीं तलाश लें।
आतंकी अटैक के बाद भावों में प्रति किग्रा यह आया अंतर
वस्तु/ आज के रेट / 22अप्रैल तक
पिस्ता/1750/1500
खारक/300/125
मुनक्का/250-650/200-600
बादाम/792/742
खसखस/1150/1000
स्टार फूल /450/300
हॉलेंड जीरा/270/250
नोट: सभी भाव थोक के एवं प्रति किग्रा के हैं
02/05/2025



