विविधासाहित्य और संस्कृति

विधायक बोले, सनातन बोर्ड का गठन हो, बालाजी मंदिर परिसर में श्रीमद् भागवत कथा कल से

विख्यात अंतरराष्ट्रीय कथा व्यास पं. इंद्रेश उपाध्याय के श्रीमुख से होगा श्रीमद् भागवत का वाचन  

सागर। गुरुवार से विख्यात अंतरराष्ट्रीय व्यास पंडित श्री इंद्रेश उपाध्याय जी श्री बालाजी मंदिर परिक्षेत्र, धर्मश्री में श्रीमद्भागवत कथा सुनाएंगे। यह आयोजन पूरे एक सप्ताह यानी 5 फरवरी तक चलेगा। आयोजन दोपहर 2.30 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। यह जानकारी आयोजन के मुख्य यजमान और वरिष्ठ विधायक शैलेंद्र जैन ने मंगलवार को पत्रकारों से साझा की। इस दौरान उन्होंने मंदिर समेत अन्य धार्मिक स्थलों के रख-रखाव संरक्षण के लिए सनातन बोर्ड के गठन की बात कही। विधायक जैन ने कहा कि जिस तरह से सरकारों ने वक्फ बोर्ड का गठन किया है। उसी तरह से सनातन बोर्ड भी होना चाहिए। यह बहुसंख्यक हिंदुओं का देश है। जिसका हमें गर्व है। आगे वे बोले कि, हम जैन मतावलंबी हैं लेकिन उसके पहले हम हिंदु हैं। मैं विधानसभा के आगामी बजट सत्र में सनातन बोर्ड के लिए आवाज बुलंद करूंगा। मंदिरों के लिए सरकारी-गैर सरकारी ट्रस्ट व धर्मस्व विभाग पहले से मौजूद रहने के सवाल पर विधायक बोले कि ट्रस्ट हैं लेकिन मेरा मानना है कि सभी मंदिरों के प्रबंधन, वहां की पूजा-परंपरा, आयोजनों को एक सूत्र में पिरोने की आवश्यकता है। इससे सनातन और मजबूत होगा।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि, शहर का चकराघाट जहां अंचल के सबसे प्राचीन और महत्व के मंदिर हैं। लेकिन वे सभी अलग-अलग तरह से संचालित हो रहे हैं। अगर इन सभी को एक-दूसरे से कनेक्ट कर दिया जाए तो श्रद्धालुओं में आस्था का भाव और मजबूत होगा। उन्हें यह जानने मिलेगा कि शहर में ही कई सिद्ध व नयनाभिराम मूर्तियां, स्थापत्य कला वाले मंदिर मौजूद हैं।  प्रत्येक घर तक आमंत्रण पहुंचा, अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालू आएं

विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा के लिए सागर नगर के प्रत्येक घर में आमंत्रण पहुंचाने का प्रयास हमने व्यक्तिगत एवं समिति सदस्यों व कार्यकर्ताओं के माध्यम से किया है। इस आयोजन में सभी भक्तजन सादर आमंत्रित है। आगंतुकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए कथा स्थल पर आवश्यकता अनुसार समूची व्यवस्थायें की गई है। लगभग 40000 वर्ग फीट में वर्षारोधी पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें आकर्षक मंच और भव्य व्यास पीठ के साथ कथा में वृंदावन सहित अन्य स्थानों से संत भी पधार रहे हैं, जिनके लिए विशेष गादी का निर्माण किया जा रहा है। संगीतमय कथा में संगीतकारों के लिए भी पृथक से व्यवस्था रहेगी। कथा स्थल पर पूज्य गुरुदेव के सुगमता पूर्वक दर्शन हेतु बड़ी बड़ी स्क्रीन लगाई जा रही है। इस दौरान संचालन समिति के संयोजक डॉ. वीरेन्द्र पाठक, डॉ. सुखदेव मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया , नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार, शिवशंकर मिश्रा, प्रमोद उपाध्याय, दीनाभाई मेहता, श्रीकांत जैन, रीतेश तिवारी उपस्थित रहे।

40 हजार वर्गफुट में बना कथा पंडाल, यातायात व्यवस्था रहेगी

मुख्य यजमान विधायक जैन ने कहा कि, सप्त दिवसीय कथा आयोजन में पूज्य पंडित इंद्रेश उपाध्याय जी महाराज के साथ पूज्यनीय गोस्वामी श्रीहित मोहित मराल जी (तिलकायत अधिकारी, ठा.श्री राधावल्लभ सम्प्रदाय, वृंदावन धाम), युवराज श्रीहित शोभित गोस्वामी जी (ठाकुर श्री राधावल्लभ जी, वृंदावनधाम), पूज्य पुण्डरीक गोस्वामी जी (ठाकुर श्रीराधारमण जी, वृंदावन धाम), पूज्य स्वामी श्री 1008 श्री किशोरदास देव जू महाराज (ठा. श्री गौरीलाल जू की कुंज श्रीधाम वृंदावन) के साथ अन्य अंतरराष्ट्रीय/राष्ट्रीय संतजनों का सानिध्य प्राप्त होगा। संतजनों के आगमन की जानकारी व पूर्ण कार्यक्रम आपको प्रथक से जारी किया जायेगा।आयोजन में मिस एशिया टूरिज्म यूनिवर्स 2018 रह चुकी तान्या मित्तल एवं मंत्रीगण, सांसद, विधायक राष्ट्रीय/प्रदेश पदाधिकारी सहित विभिन्न क्षेत्रों से ख्याति प्राप्त विशिष्ट गणमान्यजन शामिल होंगे। विधायक जैन ने बताया कि कथा पंडाल में निश्चित आरक्षित स्थान के अलावा किसी तरह के पास की व्यवस्था नहीं रहेगी। आगंतुकों को कथा स्थल पर पहुँचने के लिए पैदल मार्ग धर्मश्री चौराहे से विधायक कार्यालय से भाजपा कार्यालय होते हुये पहुँचा जा सकता है। दो पहिया एवं तीन पहिया वाहन के लिए धर्मश्री चौराहा से आई.एच.एस.डी.पी. प्रधानमंत्री आवास होते हुये कथा स्थल पहुँचा जा सकता है, जिसमें वाहन पार्किंग की व्यवस्था कार्यक्रम स्थल के समीप रहेगी। चार पहिया वाहनों से अतिशय क्षेत्र मंगलगिरी से कथा स्थल पर पहुँचा जा सकता है, जिसके लिये वाहन पार्किंग व्यवस्था अतिशय तीर्थ क्षेत्र मंगलगिरी के विशाल प्रांगण में की गई है। कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, प्रसाधन, प्राथमिक चिकित्सा, इत्यादि की व्यवस्था की गई है साथ ही पूछताछ खोया-पाया जैसी मूलभूत व्यवस्थायें भी पृथक से की गई है।

29/01/2024

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!