मकरोनिया हत्याकांड: मृतक जग्गू परिजन ने बीमा क्लेम का केस वापस लिया
जानकारों के मुताबिक, हत्या के केस पर पड़ सकता था विपरीत प्रभाव

sagarvani.com 9425172417
सागर। दिसंबर 2022 में मकरोरिया चौराहा के जगदीश उर्फ जग्गू यादव हत्याकांड से जुड़ी एक अपडेट है। जानकारी मिली है कि जग्गू की मां विस्सोबाई और बहन सोमवती यादव ने श्रीमान जिला मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में दायर अपना क्लेम केस वापस ले लिया है। उन्होंने द्वितीय जिला न्यायाधीश सागर शिव बालक साहू के कोर्ट में एक आवेदन पेश किया था। जिसमें इन मां-बेटी का कहना था कि हमारे पुत्र एवं भाई जगदीश उर्फ जग्गू यादव को मकरोनिया चौराहा पर थार जीप से कुचलकर मार डाला गया था। जिसके बाद संबंधितों पर हत्या का केस दर्ज किया गया था। अत: हम लोग जगदीश की मृत्यु के संबंध में कोई भी क्षतिपूर्ति का केस फिलहाल नहीं चलाना चाहते हैं। अतएव आवेदन निरस्त किया जाए। न्यायाधीश साहू ने इस आवेदन पर विचारण के दायर एमजेसी प्रकरण निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया।
हत्या के केस पर प्रभाव पड़ता इसलिए निर्णय लिया हो
जग्गू की मौत का क्लेम नहीं लेने के इस निर्णय को लेकर दुर्घटना क्लेम मामलों के जानकार वकील ब्रह्मदत्त पांडे का कहना है कि साधारण सी बात है कि शासन ने इस मामले में कुछ लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर रखा है। वहीं दूसरी ओर मृतक की मां व अन्य द्वारा इसी केस को दुर्घटना दावा अधिकरण में चलाना चाहते थे। जो जग्गू के हत्या संबंधी प्रकरण विधिसम्मत प्रभाव डाल सकता था। कोर्ट एक ही मामले को दो अलग-अलग दृष्टिकोण हत्या और रोड एक्सीडेंट के रूप में कैसे देख सकता है। पीड़ित पक्ष द्वारा क्लेम का केस करना, उनकी कानूनी मामलों की कम समझ को दर्शाता है। जो साधारण बात है।
सवा साल पहले थार जीप से कुचलकर कर दी थी हत्या
वर्ष 2022 में जगदीश उर्फ जग्गू यादव की हत्या मकरोनिया चौराहा पर कर दी गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जग्गू व उसके परिचित का तत्कालीन भाजपा नेता मिश्रीचंद गुप्ता से राजनीतिक विवाद चल रहा था। इसी के चलते 22 दिसंबर 2022 को जब इन दोनों पक्षों में विवाद हुआ तो आरोपी गुप्ता परिवार ने एकराय होकर जग्गू व अन्य हमला बोल दिया। आरोपियों ने जग्गू को थार जीप से बीच चौराहे पर कुचल -कुचल कर मार डाला। जिसका वीडियो फुटेज भी सामने आया था। मकरोनिया थानेमें आरोपी लवी गुप्ता, लकी गुप्ता, मिश्रीचंद गुप्ता, वकीलचंद गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, धर्मेंद्र गुप्ता, हनी गुप्ता और आशीष के खिलाफ हत्या समेत अन्य आपराधिक धाराओं का केस दर्ज किया गया था। इस जघन्य हत्याकांड के बाद भाजपा ने मिश्रीचंद पार्टी से निष्कासित कर दिया था। वहीं पुलिस-प्रशासन ने इस परिवार की चौराहे के पास बनी होटल जयराम पैलेस को बारूद लगाकर ध्वस्त कर दिया था।
25/03/2024



