पुराने कलेक्टोरेट पर सांड ने युवक पांच फीट ऊपर उछाला, सींग घोंप किया घायल

sagarvani.com9425172417
सागर। गुरुवार को पुराने कलेक्टोरेट परिसर स्थित एसडीएम ऑफिस के पास एक युवक को आवारा सांड ने बुरी तरह से घायल कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चाय-पान का ठेला लगाने वाले युवक अन्नू कुर्मी उम्र 42 साल निवासी बम्होरी शाम करीब 5 बजे किसी ऑफिस में चाय देकर लौट रहा था। तभी पीछे से अचानक आए काले रंग के एक सांड ने उसके पीछे सींग फंसाकर करीब 5 फीट ऊपर उछाल दिया। इस घटनाक्रम में अन्नू के कमर के पीछे तरफ नीचे करीब सांड का एक सींग घुस गया। आसपास खड़े लोगों ने इस सांड को जैसे-तैसे वहां से भगाया।
इधर लहुलुहान हो चुके अन्नू कुर्मी को लोगों ने 108 से अस्पताल भेजने के लिए फोन किया। लेकिन वहां से कोई रिस्पांस नहीं मिला। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम में तैनात एसआई आरकेसिंह चौहान को कॉल किया। उन्होंने तुरंत एक डायल-100 वाहन भेज दिया।
जिससे इस युवक को अस्पताल भेजा गया। परिजन ने बताया कि अन्नू को करीब डेढ़ इंच गहरा घाव हो गया था। उसे चार टांके लगाए गए हैं। फिलहाल वह खतरे से बाहर है। चर्चा है कि अन्नू ने इस सांड पर कुछ देर पहले पानी फेंका था। जिसके बाद से वह खुर्र (चिढ़कर) होकर घूम रहा था।

हम लोग आवारा बछड़े व सांड को राजघाट पर बने टेम्परेरी कांजी हाउस में छोड़ आते हैं लेकिन इनमें से कुछेक जैसे-तैसे वापस शहर की तरफ आ जाते हैं। राजू ने सांडों के बारे में एक और दिलचस्प बात बताई है। उनका कहना है कि कुछ सांड बड़े जबर होते है। अगर वे पकड़ से छूट जाएं तो उन्हें दोबारा दबोचना मुश्किल होता है। क्योंकि ये हमारी टीम के सदस्यों को बड़े अच्छे से पहचान लेते हैं और जैसे ही इन्हें पकड़ने जाओ तो ये दूर से ही हमें देख दौड़ लगा देते हैं। जो और ज्यादा खतरनाक होता है। सांडो को पकड़ने के लिए 10 सदस्यीय अमला है। जिन्हें कलेक्टर दर पर मासिक भुगतान किया जाता है।03/10/2024



