दलगत अनुशासनहीनता: भाजपाई नईम ने जवाब तक नहीं दिया, कांग्रेसी फिरदोस ने आरोप नकारे
युवती के उत्पीड़न के आरोपों में घिरे हैं भाजपाई पार्षद नईम,कांग्रेसी फिरदोस की बाइक रैली में लगाए थे आपत्तिजनक नारे

sagarvani.com 9425171714
सागर। इसी महीने की शुरुआत में शहर के दोनों प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस के सदस्यों की अनुशासनहीनता के दो अलग-अलग मामले सामने आए थे। दोनों ही दलों के जिलाध्यक्षों ने संबंधितों को नोटिस देकर जवाब तलब किए थे। फिलहाल इन दोनों मामलों में दोनों ही दल अनिर्णय की स्थिति में हैं। इनमें सबसे ज्यादा गजब स्थिति मर्यादा और अनुशासन की बात करने वाली भारतीय जनता पार्टी की है। जिसमें नोटिस पाने वाले पार्टी सदस्य ने जवाब देना तक मुनासिब नहीं समझा है। इस संबंध भाजपा और कांग्रेस के अध्यक्षों का कहना है, दोनों ही मामले ऐसे हैं, जिनमें प्रदेश स्तर के पदाधिकारी निर्णय लेंगे। जिसके बारे में उन्हें अवगत करा दिया गया है।
कांग्रेस: आपत्तिजनक नारेबाजी के आरोप में दो लोगों को दिए थे नोटिस
ये मामला जिला शहर कांग्रेस कमेटी से जुड़ा है। इसी महीने की शुरुआत में मुस्लिम समुदाय ने ईद-ए-मीलाद उन्नबी पर एक बाइक रैली निकाली थी। जिसके बाद अगले दिन एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें कुछ लोग विवादित नारा लगाते देखे-सुने गए। इस संबंध में जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव ने रैली के आयोजक एवं सदर उप ब्लॉक कमेटी के पूर्व अध्यक्ष फिरदोस कुरैशी व पूर्व शहर महामंत्री शाहबाज खान पर शहर का माहौल बिगाड़ने व पार्टी की छवि धूमिल करने संबंधी आरोप लगाया था। उन्होंने फिरदोस और शाहबाज को कारण बताओ नोटिस दिया था। इस मामले में ताजा स्थिति ये है कि इन दोनों ने शहर अध्यक्ष जाटव को जवाब दे दिया है। दोनों ने ही अपने ऊपर लगे आरोपों को नकारते हुए इसके पीछे किसी शरारती तत्व की साजिश बताया है। जाटव का कहना है कि फिरदोस और शाहबाज के जवाब जिले के संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले को भेज दिए गए हैं। इस संबंध में अब वे ही निर्णय लेंगे।
भाजपा: युवती ने सीनियर पार्षद पर लगाया था उत्पीड़न का आरोप
ये मामला भाजपा से नगर निगम के एक सीनियर पार्षद से जुड़ा है। दरअसल पिछले दिनों कैंट थाना क्षेत्र निवासी एक युवती ने लाजपतपुरा वार्ड से पार्षद नईम खान पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। उसने इस संबंध में जिला महिला पुलिस थाने में लिखित शिकायत भी की थी। युवती का कहना था कि नईम ने मेरे साथ बदसलूकी की। मुझे 5 दिन तक बंधक बनाए रख मेरे साथ मारपीट की। मेरे परिवार के खिलाफ झूठे पुलिस मुकदमे दर्ज कराने की धमकी दी। जैसे ही यह मामला प्रकाश में आया तो भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने नईम खान को नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टïीकरण देने कहा। इस मामले में ताजा स्थिति ये है कि घटनाक्रम को १० दिन गुजर चुके हैं। लेकिन नईम खान ने अब तक जिलाध्यक्ष को कोई जवाब नहीं दिया है। हालांकि इस मामले में आगे यह डेवलपमेंट हुआ था कि उक्त युवती ने इन्हीं पार्षद नईम खान से निकाह कर लिया था। दोनों के बीच महिला थाने में समझौता भी हो गया था। इस मामले में जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी का कहना है कि, इस बारे में जिला संगठन प्रभारी चौधरी मुकेश चतुर्वेदी को अवगत कराया गया है। उनसे चर्चा कर इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए निर्देश लिए जाएंगे। 
25/09/2025



