पद्म श्री: अपनी कला, समाजसेवा के दम पर आधा दर्जन व्यक्तियों को आस
आवेदन की अंतिम तारीख 31 जुलाई, चुने गए तो अगले साल मिलेगा पुरस्कार

sagarvani.com9425172417
सागर। देश के सर्वोच्च नागरिक पुरुस्कार पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ऑन लाइन आवेदन आमंत्रित कर रहा है। यह सिलसिला अप्रैल 2025 से चल रहा है। आवेदन सबमिट करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई है। जिन व्यक्तियों को इन पुरस्कारों के चयनित किया जाएगा। उन्हें अगले वर्ष यानी साल 15 अगस्त 2026 को राष्ट्रपति द्वारा अलंकृत किया जाएगा। सागर में भी इन पुरस्कारों को लेकर हलचल है, यह इसलिए भी है क्योंकि विगत 2022 में प्रख्यात राई नतर्क रामसहाय पांडे को पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। चर्चाओं के आधार पर शहर के करीब आधा दर्जन व्यक्ति अपनी कला व समाजसेवा के दम पर इनमें से पद्मश्री के लिए आवेदन कर रहे हैं।
लोकगीत, योग, समाजसेवा के आधार पर पुरस्कार की आस
पद्मश्री के लिए आवेदन करने वालों में जिन नामों की चर्चा है। उनमें एक नाम बुंदेली लोक गायक हरगोविंद विश्व का है। हालांकि वह पहले भी प्रयास कर चुके हैं। इस दफा उनके नाम की सिफारिश एक स्वयंसेवी संस्थान ने की है। बीड़ी उद्यमी परिवार की सदस्य डॉ. मीना पिंपलापुरे का नाम समाजसेवा के सेक्टर में चर्चा में है। उनका दावा समाजसेवा के अलावा गुलाब की किस्मों के संरक्षण जैसे कामों को लेकर है। सूत्रों के मुताबिक उनके लिए एक महिला जनप्रतिनिधि प्रयासरत हैं। तीसरा नाम योगाचार्य विष्णु आर्य का है। देश भर में योग का डंका बजवा चुके योगाचार्य आर्य के सुपुत्र एवं वरिष्ठ पत्रकार विनोद आर्य ने बताया कि आवेदन की प्रक्रिया थोड़ी लंबी है लेकिन कोशिश कर रहे हैं, जल्द से जल्द आवेदन सबमिट कर दें। एक अन्य बुंदेली लोकगायक जयंत विश्वकर्मा भी पद्मश्री के लिए प्रयासरत हैं। वे पिछले दिनों जिला जनसंपर्क कार्यालय से कुछ औपचारिकताएं पूरी कराने पहुंचे थे। इसी सेक्टर में बुंदेली लोकगीत गायक शिवरतन यादव, राई नृत्य के क्षेत्र में काम कर रहे संतोष पांडे द्वारा भी आवेदन किए जाने की चर्चा है। समाजसेवा के सेक्टर में रेलवे स्टेशन पर सालाना नि:शुल्क प्याऊ चलाने वाले विनोद तिवारी द्वारा भी आवेदन किए जाने की चर्चा है। उल्लेखनीय है कि साल 2025 में 113 लोगों को पद्म श्री 19 को पद्म भूषण और 7 लोगों को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
तीन तरीके से किया जा सकता है कि पद्म पुरस्कारों के लिए आवेदन
आधिकारिक जानकारी के अनुसार पद्म पुरस्कार के लिए तीन तरह से आवेदन की प्रक्रिया बनाई गई है। जिसमें पहली यह है कि जो व्यक्ति अपने कृतित्व, उपलब्धियों के आधार पर स्वयं को पुरस्कार के योग्य मानता हैं, वह स्वयं ही आवेदन कर सकता है। दूसरी ये कि अगर कोई व्यक्ति या समूह किसी दूसरे व्यक्ति की उपलब्धियों को पद्म पुरस्कारों के योग्य मानता है तो वह भी उन्हें पुरस्कार दिलाने आवेदन/ सिफारिश कर सकता है। तीसरा और आखिरी तरीका सरकारी तंत्र आधारित है। इसके तहत, जिला प्रशासन के अधिकारी अगर किसी व्यक्ति को इन पुरस्कारों के योग्य पाते हैं तो वे भी इस संबंध में राज्य सरकार के माध्यम से प्रविष्टि भेज सकते हैं। सूत्रों के अनुसार जिला प्रशासन को सागर में अब तक कोई ऐसा व्यक्ति नहीं मिला है, जिसके लिए प्रशासनिक आधार पर पुरस्कार दिलाए जाने का दावा किया जा सके।
इन क्षेत्रों में दिए जाते हैं पुरस्कार
ये सम्मान विशिष्ट कार्य को मान्यता देते हैं। पुरस्कार कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान व इंजीनियरिंग, सार्वजनिक मामलों, सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग जैसे सभी क्षेत्रों विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों व सेवा के लिए दिए जाते हैं। जाति, व्यवसाय, पद या लैंगिक भेदभाव के बिना सभी व्यक्ति इन पुरस्कारों के लिए पात्र हैं। डाक्टर्स और विज्ञानियों को छोड़कर किसी भी सार्वजनिक उपक्रम के साथ काम करने वाले सरकारी कर्मचारी पद्म पुरस्कारों के लिए पात्र नहीं हैं।
16/07/2025



