ब्रेकिंग न्यूज़

कनेरादेव के आपराधिक प्रवृत्ति के युवक रामकुमार घोषी को पुलिस ने पकड़ा

सागर। कोतवाली पुलिस ने कनेरादेव क्षेत्र के रामकुमार घोषी को शुक्रवार को पकड़ लिया। घोषी पर कटरा बाजार निवासी रवि जैन को मोबाइल फोन पर बसंत केशरवानी को जान से मारने की धमकी दी थी। उसका कहना था कि मैं हत्या कर के हाथ भी नहीं धोता हूं। रवि ने पिछले दिनों कोतवाली थाने में उसके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया था। इस एफआईआर के बाद से कोतवाली पुलिस रामकुमार घोषी की तलाश कर रही थी। ताकि उसके बयान लेने के बाद नोटिस देकर आगे की कार्रवाई की जा सके। इधर पुलिस को शुक्रवार को मुखबिर तंत्र से सूचना मिली कि आपराधिक प्रवृत्ति का रामकुमार घोषी जिला अस्पताल के पास देख गया है। तत्काल पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पकड़ लाई। जानकारी के अनुसार घोषी ने अपने मोबाइल नंबर को बदल लिया था। इसके चलते वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ रहा था।

अवैध कॉलोनी, उत्खनन समेत आदिवासियों की जमीन हड़पने के लगे थे आरोप

पिछले महीने रवि जैन ने कलेक्टर की जनसुनवाई में उनके समक्ष राम कुमार घोषी द्वारा क्षेत्र के गरीब- साधनहीन आदिवासियों की जमीन पर कब्जा कर उन्हें बेचने पर मजबूर करने के आरोप लगाए थे। रवि ने दावा किया था कि यह शख्स कनेरादेव में लाखों क्यूबिक मीटर मुरम खोदकर शासन को करोड़ों रु . की राजस्व हानि भी पहुंचा रहा है। वह इसी क्षेत्र में अवैध कॉलोनी भी काट रहा है लेकिन संबंधित अधिकारी-कर्मचारी कार्रवाई नहीं कर रहे। रवि ने कलेक्टर के समक्ष 5 लाख रु. रखकर कहा था कि यदि मेरी शिकायत झूठी निकले तो आप यह राशि सरकारी मशीनरी का खर्च मान सरकारी खजाने में जमा करा दें। इस मामले में कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल ने बताया कि आरोपी घोषी के खिलाफ गोपालगंज थाने में भी इसी आशय की एफआईआर दर्ज है। उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में रामकुमार घोषी के खिलाफ अन्य प्रतिबंधात्मक कार्रवाईयां की जाएंगी। ताकि कनेरादेव क्षेत्र में भयमुक्त वातावरण बन सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!